रांची. गुरु नानक जयंती के अवसर पर 22 नवंबर को राजधानी रांची में गुरु नानक सत्संग शोभायात्रा निकाली जायेगी. इसे लेकर यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है. पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, शोभायात्रा को देखते हुए शहर में अलग-अलग समय पर भारी और छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर रोक रहेगी. साथ ही कई प्रमुख मार्गों पर आम वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा.
यातायात व्यवस्था के तहत 22 नवंबर को सुबह आठ बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा. हालांकि, ऐसे वाहन रिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. इसके अतिरिक्त दोपहर दो बजे से रात 12 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर भी रोक रहेगी.
दोपहर दो बजे से रात 12 बजे तक रेडियम चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक, रतन पीपी चौक होते हुए सुजाता चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों को भी कुछ समय के लिए डायवर्ट किया जा सकता है.
शोभायात्रा के दौरान पिस्का मोड़ से मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक और शहीद चौक तक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. वहीं, सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक मेट्रो गली से बिरसा मैदान तक शोभायात्रा में शामिल वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. शाम पांच बजे से सुजाता चौक से गुरुनानक पब्लिक स्कूल पीपी कंपाउंड तक शोभायात्रा की समाप्ति तक वाहनों पर रोक रहेगी.
यातायात पुलिस ने मदननगर सुजाता चौक से आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया है. ऐसे वाहन रतन पीपी चौक से दाहिने मुड़कर कर्बला चौक होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दोपहर दो बजे से शोभायात्रा की समाप्ति तक बिरसा मैदान, मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक, काली मंदिर चौक और सुजाता चौक मार्ग का कम से कम इस्तेमाल करें. शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालु अपने वाहन रामविलास पेट्रोल पंप के बगल में स्थित सुरजीत मोटर गैराज और शारदा नंद बाल मंदिर स्कूल के सामने पार्क कर सकेंगे।


