बोकारो। आस्था, विश्वास और आदिवासी संस्कृति के महापर्व लुगुबुरू घंटाबाड़ी राजकीय महोत्सव-2026 को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने आवासन, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात समेत सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। लुगुबुरू पहाड़, पुण्य थान और मुख्य समारोह परिसर आकर्षक रोशनी से जगमगा रहे हैं।
महोत्सव का शुभारंभ रविवार को डीसी अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा और लुगुबुरू समिति के सदस्य करेंगे। आयोजन को लेकर डीसी स्वयं लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। महोत्सव के सफल संचालन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियों के तहत वरीय पदाधिकारियों, अधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए तैयार टेंट सिटी
देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के आवासन के लिए टेंट सिटी तैयार की गई है। इसके अलावा पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बैठने और अन्य बुनियादी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए रास्तों की व्यवस्था भी दुरुस्त की गई है।
लुगुबुरू पहाड़, पूजा स्थल, मुख्य समारोह परिसर और प्रमुख मार्गों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की गई है। पूरा आयोजन क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे महोत्सव परिसर का माहौल उत्सवमय हो गया है।
आदिवासी संस्कृति और लोक परंपराओं की दिखेगी झलक
महोत्सव के दौरान आदिवासी कला, संस्कृति, परंपरा और लोक विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोकगीत, पारंपरिक नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।
सुरक्षा, पार्किंग और चिकित्सा के विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और आपातकालीन सेवाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। प्रमुख स्थलों और आवागमन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी।
इसके साथ ही महोत्सव परिसर में नियमित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा दल और आवश्यक सुविधाएं भी तैयार रखी गई हैं।
जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए महोत्सव में उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील की है। साथ ही सभी से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सहयोग के साथ महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफल बनाने का आग्रह किया है।


