दुग्दा के क्वार्टर में 24-25 अभ्यर्थियों को रटवाए गए थे तीनों पेपर के जवाब, एक ही नेटवर्क से कई अभ्यर्थियों के ASO बनने का आरोप
रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। CID की चार्जशीट के अनुसार, इस घोटाले में सरकारी नौकरी दिलाने के बदले शादी कराने की शर्त भी रखी गई थी। जांच में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (ASO) आनंद कुमार सिंह की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि उसे परीक्षा पास कराने के बदले मुख्य साजिशकर्ता रामकिशोर सिंह उर्फ मिथिलेश सिंह के रिश्तेदार की बेटी से शादी करनी थी। आनंद इसके लिए तैयार हो गया और मई 2026 में दोनों की शादी भी हो गई।
चाचा ने कराई थी मास्टरमाइंड से मुलाकात
CID की जांच के मुताबिक, आनंद वर्ष 2019 से पटना के बोरिंग रोड में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसके चाचा अवधेश सिंह ने उसे बताया कि मिथिलेश सिंह की परीक्षा में सेटिंग कराने वालों से पहचान है और वह उसे भी पास करा सकता है। आरोप है कि नौकरी दिलाने के बदले मिथिलेश सिंह के रिश्तेदार की बेटी से शादी करने की शर्त रखी गई। आनंद और उसके परिवार की सहमति के बाद कथित सेटिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
परीक्षा से पहले दुग्दा के क्वार्टर में जुटे 25 अभ्यर्थी
चार्जशीट के अनुसार, 21 सितंबर 2024 की रात आनंद समेत करीब 24-25 अभ्यर्थी बोकारो के दुग्दा स्थित एक क्वार्टर में जुटे थे। यह क्वार्टर सह-अभियुक्त उमेश कुमार राय को आवंटित था। आरोप है कि देर रात मिथिलेश सिंह अपने दो सहयोगियों के साथ वहां पहुंचा और CGL परीक्षा के तीनों पेपर के सवाल-जवाब की पांच से छह प्रतियां अभ्यर्थियों को दीं। सही उत्तर पहले से चिह्नित थे। सभी अभ्यर्थियों ने रात करीब दो बजे तक सवाल-जवाब याद किए। बाद में प्रश्नपत्र की प्रतियां जला दी गईं।
मोबाइल बंद कर पहुंचे थे परीक्षा केंद्र
जांच में सामने आया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले मोबाइल बंद रखने का निर्देश दिया गया था। आनंद का मोबाइल 21 सितंबर को दोपहर 3:13 बजे बंद हुआ और 22 सितंबर को शाम 5:12 बजे के बाद चालू हुआ। CID के अनुसार, आनंद समेत कुछ अन्य अभ्यर्थियों के मोबाइल बोकारो के सेक्टर-4 इलाके में महज 13 मिनट के अंतराल में बंद हुए थे। अगले दिन आनंद दीपक कुमार और विजय कुमार तिवारी के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचा।
चाचा और मास्टरमाइंड के बीच 86 कॉल
CID ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच में पाया कि 13 सितंबर 2024 से 9 मई 2026 के बीच अवधेश सिंह और मिथिलेश सिंह के नंबरों के बीच 86 बार बातचीत हुई। वहीं, अवधेश के मोबाइल से आनंद के नंबर पर 281 बार संपर्क किया गया। चार्जशीट में आनंद, दीपक कुमार, विजय कुमार तिवारी और उमेश कुमार राय के ASO बनने का भी उल्लेख है। मिथिलेश का भांजा रत्नेश कुमार सिंह उर्फ साजन भी इसी परीक्षा से ASO बना।
अगस्त 2026 में हुई थी गिरफ्तारी
सह-अभियुक्तों के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर CID ने 28 अगस्त 2026 को आनंद को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और पुलिस रिमांड के दौरान उसने कथित पेपर लीक और शादी की शर्त से जुड़ी जानकारी दी। जांच एजेंसी ने मोबाइल CDR, आरोपियों के बयान और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों को चार्जशीट में शामिल किया है।


