हड़ताली कर्मियों के रवैये से नाराज स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा-
रांची। राज्य के हड़ताली 108 एंबुलेंस कर्मचारियों पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रूख अपनाते हुए एस्मा लगाने का निर्णय लिया है. एस्मा यदि लागू हो जाता है तो करीब 600 एंबुलेंस कर्मियों की सेवा एक झटके में समाप्त हो जाएगी. विगत 18 नवंबर से जारी हड़ताल की वजह से मरीजों को हो रही परेशानी को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नाराजगी जताई है.
एंबुलेंस चालकों की हड़ताल से स्वास्थ्य मंत्री परेशान
एंबुलेंस चालकों की हड़ताल से परेशान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि हर 10 दिन पर इन लोगों के द्वारा हड़ताल की जाती है. हम इनकी बातों को मानते जा रहे हैं, लेकिन अब हद पार हो गई है. ऐसे में विभाग के द्वारा एस्मा लगाने का प्रस्ताव प्राप्त हो गया है. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों आउटसोर्सिंग पर नियुक्त एंबुलेंस चालकों में से 20 को हटाया गया था, लेकिन बाद में मानवता के आधार पर उन्हें दोबारा रख लिया गया था. लेकिन फिर से नेतागिरी शुरू हो गई और हर वक्त हड़ताल पर जाने की धमकी के साथ इनका आंदोलन शुरू हो जाता है. ऐसे में अब बर्दाश्त से बाहर हो गया है.


