रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर राजधानी रांची के ऑड्रे हाउस में सांस्कृतिक पखवाड़ा 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 21 और 22 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। झारखंड सरकार के पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त संजय भगत ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान जूरी सदस्य डॉ श्यामा प्रसाद नियोगी, लिली मुखर्जी, डॉ मृणालनी अखौरी, डॉ भावना अम्बष्ठ और आशुतोष द्विवेदी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला खेल समन्वयक आशीष कुमार बनर्जी, बिरसी मुंडू और मुकेश कुमार सहित अन्य अतिथि शामिल हुए। जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि मंच संचालन डॉ कमल बॉस ने किया। महोत्सव में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी गई। वहीं, रांची के विभिन्न स्कूलों और संस्थानों से पहुंचे बच्चों ने भजन, गजल और गीतों की प्रस्तुति दी। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे। पूरे आयोजन में झारखंड की कला, संस्कृति और प्रतिभा की झलक देखने को मिली।


