रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में जनकल्याणकारी, जागरूकता और विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को पलामू और बोकारो जिले में कई महत्वपूर्ण गतिविधियां हुईं। पलामू में झारखंड समावेशी आजीविका योजना (Jh-SAY) की शुरुआत की गई, जिसके माध्यम से 3,800 अति गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, बोकारो में पैक्स के व्यवसाय विविधीकरण, मातृ सम्मान अभियान, स्वच्छता और विद्यार्थियों के बीच रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
पलामू में 3800 अति गरीब परिवारों को आजीविका से जोड़ने की पहल
पलामू के छतरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में झारखंड समावेशी आजीविका योजना (Jh-SAY) का शुभारंभ सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राधाकृष्ण किशोर और पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने संयुक्त रूप से किया।
योजना के तहत छतरपुर, हुसैनाबाद और पांडू प्रखंड के कुल 3,800 अति गरीब एवं संवेदनशील परिवारों को सतत आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य है। इनमें छतरपुर के 1,600, हुसैनाबाद के 1,100 और पांडू के 1,100 परिवार शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान लाभुक परिवारों के बीच कंबल और सोलर लैंप का वितरण भी किया गया।
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि योजना का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को गरीबी के दुष्चक्र से बाहर निकालकर सम्मानजनक जीवन का अवसर देना है। उन्होंने बताया कि योजना में केंद्र सरकार की 60 प्रतिशत और राज्य सरकार की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसके क्रियान्वयन में राज्य सरकार लगभग 38 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
मंत्री ने संबंधित अंचल अधिकारियों को अति गरीब परिवारों को आजीविका के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजना के तहत चिह्नित 14 गांवों में डीप बोरिंग अथवा बड़े तालाब के निर्माण की पहल करने की बात भी कही, ताकि ग्रामीणों को सिंचाई की सुविधा मिल सके और खेती आधारित आजीविका को बढ़ावा मिले।
महिलाओं को लखपति से करोड़पति दीदी बनाने का लक्ष्य
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जेएसएलपीएस की आजीविका गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि सखी मंडल की महिलाओं ने सामूहिक प्रयास और मेहनत से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। अब लक्ष्य महिलाओं को केवल लखपति बनाना नहीं, बल्कि करोड़पति दीदी के रूप में स्थापित करना होना चाहिए।
उन्होंने महिलाओं को बकरी पालन, मुर्गी पालन, सूकर पालन, कृषि और छोटे व्यवसायों से जोड़ने के साथ उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार और उचित मूल्य उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि महिलाएं संगठित होकर अपने उत्पादों का विपणन करेंगी, तो उन्हें बेहतर कीमत मिल सकेगी। उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने की भी अपील की।
इस अवसर पर जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी. केरकेट्टा ने योजना की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि पलामू में उपज परियोजना के सकारात्मक परिणामों के आधार पर समावेशी आजीविका योजना का विस्तार किया गया है। वहीं, पीवीटीजी के राज्य प्रबंधक सुवाकांत नायक ने बताया कि यह योजना झारखंड के 12 जिलों में संचालित है। इसके तहत अति गरीब परिवारों की पहचान कर उन्हें कम से कम दो आजीविका गतिविधियों से जोड़ने और नियमित मार्गदर्शन देने का प्रयास किया जा रहा है।
बोकारो में पैक्स की आय बढ़ाने के लिए व्यवसाय विविधीकरण पर जोर
इधर, बोकारो में उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। संयुक्त सहकारिता भवन में पैक्स व्यवसाय विविधीकरण-सह-कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) आईडी कैंप लगाया गया।
जिला सहकारिता पदाधिकारी ऋतुराज कुमार प्रसाद ने कहा कि पैक्स को केवल खाद-बीज वितरण और धान अधिप्राप्ति तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि उन्हें अलग-अलग व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि पैक्स के माध्यम से सीएससी, जन औषधि केंद्र, भंडारण और कस्टम हायरिंग सेंटर जैसी गतिविधियां शुरू कर उनकी आय बढ़ाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि पैक्स को सीएससी आईडी उपलब्ध होने से ग्रामीणों को जन्म प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, बिजली बिल भुगतान सहित कई ऑनलाइन सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। इससे लोगों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए प्रखंड और जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
कैंप में बेहतर काम करने वाले सीएससी को सम्मानित किया गया। निष्क्रिय सीएससी आईडी को सक्रिय करने की कार्रवाई के साथ नई आईडी भी दी गई। कार्यक्रम में कुल 35 प्रतिभागी शामिल हुए।
नावाडीह में 50 विद्यार्थियों ने चित्रकला, नृत्य और नाटक से दिखाई प्रतिभा
नावाडीह प्रखंड के सुरही स्थित बीआरसी भवन में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले कार्यक्रम में 50 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता के साथ नृत्य और नाटक की प्रस्तुतियां हुईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, योगदान और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना था।
मातृ सम्मान अभियान के तहत गर्भवती और धात्री महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने की पहल
बोकारो जिले के सभी परियोजना क्षेत्रों में मातृ सम्मान अभियान के तहत गर्भवती और धात्री महिलाओं के साथ बैठक की गई। इसमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लंबित आवेदनों का निष्पादन और पात्र महिलाओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठकों में लाभुकों की पहचान, आवेदन फॉर्म भरने में सहयोग, जरूरी दस्तावेजों की जांच और आवेदन प्रक्रिया में आ रही समस्याओं के समाधान की पहल की गई। साथ ही सुरक्षित मातृत्व, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के लिए आवेदन शिविर लगाने, महिला पर्यवेक्षिकाओं के माध्यम से आवेदनों की समीक्षा करने और प्रखंड स्तर पर विशेष पंजीकरण अभियान चलाकर लंबित मामलों का निष्पादन करने पर भी जोर दिया गया।
कलापत्थर में चार घंटे चला विशेष स्वच्छता अभियान
चास नगर निगम की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर, कलापत्थर में विशेष साफ-सफाई और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले अभियान में 45 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान परिसर की सफाई की गई और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से अपने घर, विद्यालय, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।


