रांची। झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित पखवाड़े के तहत रांची जिले में पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, आवास योजनाओं के तहत गृह प्रवेश, बाल सभाएं, कृषि जागरूकता और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाए गए। वहीं, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) ने ग्रामीण महिलाओं, किसानों और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई योजनाओं के तहत सहायता उपलब्ध कराई।
पांच पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास और तीन जगह अबुआ आवास के तहत गृह प्रवेश
पंचायती राज विभाग के निर्देश पर जिले की पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। लोगों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। बच्चों को जागरूक करने के लिए बाल सभाएं आयोजित की गईं। इनमें स्वच्छता, झारखंड की संस्कृति और विरासत पर निबंध, भाषण, वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताएं कराई गईं।
आवास योजनाओं के तहत कांके प्रखंड के बादू, मांडर के सरवा, नगड़ी के कुदलौंग, लापुंग के ककरिया और ईटकी के कुल्ली पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, खलारी के हुटाप पंचायत, अनगड़ा के महली गांव और ईटकी के कुल्ली पंचायत में अबुआ आवास योजना के तहत गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बुढ़मू प्रखंड के बाड़े पंचायत में ग्रामीणों ने स्वच्छता की शपथ लेने के साथ बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया। इस दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों पर भी चर्चा की गई।
हुंडरू जलप्रपात से पंचायतों तक चला स्वच्छता और कृषि जागरूकता अभियान
हुंडरू जलप्रपात में पर्यटक मित्रों ने स्वच्छता पखवाड़े के तहत सफाई अभियान चलाया। राहे प्रखंड सभागार में रबी कर्मशाला-सह-खेत बचाओ कार्यक्रम आयोजित हुआ। तमाड़ के बिरगांव पंचायत और रातू के बाजपुर पंचायत में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, रैली और बाल सभा हुई। नगड़ी प्रखंड में रबी कार्यशाला-सह-खेत बचाओ अभियान के साथ कुदलौंग पंचायत में सरसों की क्लस्टर फ्रंट लाइन डेमोंस्ट्रेशन का प्रशिक्षण भी दिया गया।
महिलाओं को ट्रैक्टर और स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता
JSLPS की ओर से सोनाहातू प्रखंड की हारिण पंचायत में स्वयं सहायता समूह (SHG) हारिण और सोनाहातू फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) को मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत ट्रैक्टर दिया गया। इससे कृषि कार्यों में महिलाओं और किसानों को सुविधा मिलने के साथ खेती की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाभुकों को स्वरोजगार और आजीविका बढ़ाने के लिए कुल 4.40 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई। वहीं, सामुदायिक निवेश निधि (CIF) के तहत विभिन्न समूहों को आर्थिक सहायता दी गई।
- ओरमांझी के कुच्चू CLF के 20 VO को 40 लाख रुपये।
- बड़रीडीह CLF के 24 VO को 48 लाख रुपये।
- ईटकी CLF के 5 VO को 7.60 लाख रुपये।
- अन्य प्रखंडों के CLF को कुल 39.62 लाख रुपये।
इस तरह सामुदायिक निवेश निधि के तहत कुल 1 करोड़ 35 लाख 22 हजार रुपये की राशि वितरित की गई। इस राशि से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को कृषि, पशुपालन और स्वरोजगार की गतिविधियों के लिए आर्थिक सहयोग मिलेगा।
3216 बकरियों का टीकाकरण, 250 की डीवर्मिंग
पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए नगड़ी प्रखंड के चिपरा IFC क्लस्टर के पंचडीहा गांव में 30 IFC किसानों की 250 बकरियों की डीवर्मिंग की गई। इसके अलावा जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया।
महिलाओं और सामुदायिक संस्थाओं के बीच जेंडर समानता, स्वास्थ्य, पोषण और नशामुक्ति को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। CLF, VO और SHG के माध्यम से रैलियां, पोषण पखवाड़ा और नुक्कड़ नाटक आयोजित हुए। आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म के दौरान पोषण वाटिका, संतुलित आहार और गर्भावस्था में देखभाल की जानकारी दी गई।
1425 लाभुकों का e-KYC पूरा, वित्तीय प्रबंधन पर भी जोर
JSLPS की ओर से जिले में 109 SHG Cut-off और 54 VO Transaction शिविर आयोजित किए गए। इनका उद्देश्य समूहों के वित्तीय अभिलेख और प्रबंधन को मजबूत करना था। वहीं, आधार आधारित e-KYC अभियान के तहत कुल 1,425 लाभार्थियों का सत्यापन पूरा किया गया।
इसके अलावा स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। JSLPS के अनुसार, इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
JSLPS के माध्यम से इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाना, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी मजबूत करना और कृषि एवं पशुपालन को प्रोत्साहित करना है। वहीं, जिला प्रशासन ने जन शिकायतों के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 (अबुआ साथी) जारी किया है।


