बोकारो। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत शनिवार को बोकारो में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। अवर प्रादेशिक नियोजनालय की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), चास परिसर में आयोजित इस मेले में 11 कंपनियों ने हिस्सा लिया। रोजगार पाने की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचे और विभिन्न कंपनियों में पंजीकरण कराने के साथ साक्षात्कार दिया।
66 अभ्यर्थियों को मिला ऑफर लेटर, 217 शॉर्टलिस्ट
रोजगार मेले में चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 66 युवक-युवतियों को विभिन्न कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर प्रदान किया गया। वहीं, 217 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। इस तरह कुल 283 अभ्यर्थियों को रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।
निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल
इस रोजगार मेले का उद्देश्य जिले के शिक्षित और तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना था। स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित यह मेला स्थानीय युवाओं को कंपनियों से जोड़ने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक पहल है।


