अपराध पर त्वरित कार्रवाई और पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर, डीजीपी की अध्यक्षता में सभी जिलों के एसपी और चैंबर प्रतिनिधियों की ऑनलाइन बैठक कराने की पहल
बैठक में निर्णय लिया गया कि आपराधिक घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई के लिए झारखंड चैंबर की ओर से थाना स्तर पर व्यवसायियों का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाएगा। इसमें संबंधित थाना प्रभारी के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाई जा सके।
व्यावसायिक इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
बैठक में सदस्यों ने अपर बाजार समेत अन्य सघन व्यावसायिक क्षेत्रों में पीसीआर वैन और टाइगर मोबाइल की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही संगठित अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस-गार्ड पार्टनर जैसी पहल को उपयोगी बताया गया। प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में पुलिस बूथ स्थापित करने की मांग भी उठाई गई।
लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के चेयरमैन शैलेश अग्रवाल ने व्यवसायियों से कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लिखित रूप में झारखंड चैंबर को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की पहल को आगे बढ़ाते हुए इस साल भी प्रत्येक थाने में पुलिस और व्यवसायियों के बीच नियमित बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने आर्म्स लाइसेंस की प्रक्रिया पर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन से चैंबर की अनुशंसा पर लाइसेंस जल्द जारी करने की पहल करने का आग्रह किया।
बंद पुलिस पिकेट को फिर से सक्रिय करने पर जोर
चैंबर उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय ने बंद पड़े पुलिस पिकेट को दोबारा चालू करने की आवश्यकता बताई। वहीं, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने कहा कि राज्यभर के व्यवसायियों की मांग को देखते हुए डीजीपी की अध्यक्षता में सभी जिलों के एसपी और जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों की ऑनलाइन बैठक आयोजित कराने की दिशा में पहल की जाएगी।
सह सचिव अमित शर्मा ने पुलिस प्रशासन के साथ लगातार संवाद बनाए रखने को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि इस दिशा में फेडरेशन की ओर से निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
दुकानों में सीसीटीवी लगाने की अपील
चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और उनके जल्द खुलासे के लिए व्यापारियों से अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों के सामने सड़क की ओर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित पहल और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।
बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के चेयरमैन शैलेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री समेत अमित कुमार, आलोक सिंह, विशाल जैन, सुनील श्रीवास्तव, कमलेश संचेती, कृष्णा शर्मा, शशांक भारद्वाज, राहुल शर्मा, केदारनाथ साहू, प्रकाश नाथ, संतोष अग्रवाल, विजय कुमार, कुलवंत सिंह, हरमीत सिंह और सुमित कक्कड़ उपस्थित रहे।


