रांची। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव कमजोर होने के बावजूद झारखंड में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहे। कई स्थानों पर रुक-रुककर बारिश और बूंदाबांदी हुई। इसके चलते तापमान में बदलाव आया और ठंडी हवाओं ने कनकनी बढ़ा दी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। रांची में भी दिनभर आसमान में बादलों का डेरा रह सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने कहीं भी भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की है।
सामान्य से 6.1 डिग्री नीचे पहुंचा अधिकतम तापमान
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, शनिवार को रांची में 1.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की कमी आई, जबकि न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री बढ़ गया। अधिकतम तापमान में आई गिरावट के कारण दिन में भी लोगों को ठंड का एहसास हुआ।
23 नवंबर से साफ होने लगेगा आसमान
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 23 नवंबर से आसमान साफ होने और बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा। हालांकि, बारिश थमने के बाद सुबह के समय कोहरे की स्थिति बन सकती है।
24 और 25 नवंबर को कोहरे का अनुमान
मौसम विभाग ने 24 और 25 नवंबर को रांची सहित राज्य के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है। सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत होगी। विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात की आशंका के दौरान लोगों को खुले मैदान में जाने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
कोडरमा में सर्वाधिक 39 मिमी बारिश
राज्य के विभिन्न जिलों में हुई बारिश के आंकड़ों के अनुसार, कोडरमा में सबसे अधिक 39 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा हजारीबाग में 12.5, दुमका में 4.5, लातेहार में 4, देवघर में 2, खूंटी में 1.5 और सरायकेला में 1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


