अमर बाउरी ने कहा- राज्य में भय, भ्रष्टाचार और अराजकता का माहौल, जनहित के सवालों से भाग रही सरकार
गिरिडीह। बड़ा चौक स्थित अशोका इंटरनेशनल होटल में शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई. इसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और राज्य के समसामयिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक में राज्य सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने और जनहित से जुड़े सवालों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाने की रणनीति तैयार की गयी.
बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि 26 नवंबर को पार्टी संविधान गौरव दिवस मनायेगी. इसके तहत संविधान निर्माता डॉ भीमराव आंबेडकर के योगदान, संविधान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं जनकल्याण के 25 वर्षों को जनता के बीच रखा जायेगा. साथ ही कांग्रेस के शासनकाल में संविधान के कथित उल्लंघन के मामलों को भी उठाया जायेगा.
महिला सुरक्षा और छात्रों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
अमर बाउरी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में भय, भ्रष्टाचार और अराजकता का माहौल है. कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं. उन्होंने गम्हरिया थाना प्रकरण, सुंदरपहाड़ी मामला, सिमडेगा विधायक प्रकरण, निशा भगत आत्महत्या और गिरिडीह बैंक डकैती की घटनाओं का उल्लेख किया. उन्होंने गिरिडीह में जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल की कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर हमले का आरोप भी लगाया. कहा कि छात्रों के साथ मारपीट की गयी, लेकिन पुलिस-प्रशासन की भूमिका सवालों के घेरे में है. भाजपा छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी.
27 हजार करोड़ की वित्तीय अनियमितता का उठाया मुद्दा
बाउरी ने राज्य में 27 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कथित वित्तीय गड़बड़ियों, वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन और छात्रवृत्ति के लंबित भुगतान का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के सवालों का जवाब देने के बजाय विरोध की आवाज दबाने में जुटी है. भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि सत्तापक्ष के नेताओं के मामलों में प्रशासन मौन रहता है. एमडीआर को लेकर 25-26 नवंबर को बुलाये गये विशेष सत्र पर भी उन्होंने सवाल उठाये. खनिजों की अवैध तस्करी और एसआइआर के विरोध को लेकर झामुमो-कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा महिला अत्याचार, भ्रष्टाचार और छात्रों के अधिकारों के मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी. बैठक में बाबूलाल मरांडी, अन्नपूर्णा देवी, पवन कुमार साय, आदित्य साहू समेत प्रदेश के पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष मौजूद थे.


