चंदवा थाना क्षेत्र के महादेव मंडा के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर से सुकलकट्ठा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान कार्तिक उरांव (24 वर्ष) और तरुण यादव (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों युवक चंदवा थाना क्षेत्र के सुकलकट्ठा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक बुलेट बाइक पर सवार होकर लोहरदगा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महादेव मंडा के पास बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एक ही गांव के दो युवाओं की असमय मौत से गांव में मातम पसरा है। परिजनों की चीख-पुकार और गांव में पसरा सन्नाटा इस दर्दनाक घटना की पीड़ा बयां कर रहा है।


