रांची। झारखंड हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहल की है। उन्होंने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्य कांत और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के सदस्यों को पत्र लिखकर हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है।
दरअसल, झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश एम. एस. सोनाक 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में उनके रिटायरमेंट से पहले नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति नहीं होने को लेकर चिंता जताई जा रही है। मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनाक झारखंड उच्च न्यायालय के 18वें मुख्य न्यायाधीश हैं। उन्होंने 9 जनवरी 2026 को पदभार ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि लंबे समय तक अंतरिम व्यवस्था के तहत हाईकोर्ट का संचालन होने से न्यायिक व्यवस्था में अनिश्चितता पैदा हो सकती है। इसका असर लंबित मामलों के निपटारे पर भी पड़ सकता है।
सोरेन ने यह भी उल्लेख किया कि मुख्य न्यायाधीश के पद पर बार-बार बदलाव होने से हाईकोर्ट के प्रशासनिक कामकाज और संस्थागत योजनाओं की निरंतरता प्रभावित होती है। इसलिए समय रहते नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति जरूरी है।
इनपुट: झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश एम. एस. सोनाक 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे। मुख्यमंत्री ने न्यायिक व्यवस्था में निरंतरता बनाए रखने के लिए समय पर नियुक्ति की मांग की है।


