रांची। राज्य के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में झारखंड सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। आगामी 23 नवंबर को रांची के प्रोजेक्ट भवन सभागार में ‘मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे और कौशल विकास का प्रशिक्षण पूरा करने वाले 3,044 चयनित युवक-युवतियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
सीएम को दिया गया समारोह में शामिल होने का आमंत्रण
कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में शनिवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अधिकारियों और संस्था के प्रतिनिधियों ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा, अल्पसंख्यक कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी और प्रेझा (PREJHA) फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को औपचारिक रूप से समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुलाकात के वक्त प्रेझा फाउंडेशन की चीफ प्रोजेक्ट ऑफिसर मीनाक्षी कुमार, स्टेट लीड गवर्नमेंट इंगेजमेंट अमित वाल्मीकि और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर चितरंजन सामंत राय भी उपस्थित थे।
कौशल से रोजगार तक का सफर
सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य के वंचित और ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर उन्हें सीधे रोजगार से जोड़ना है। कल्याण विभाग और प्रेझा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित कौशल केंद्रों से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके इन युवाओं का चयन देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों में हुआ है।


