-पानी में तय सीमा से अधिक ब्रोमेट और PAHs मिलने का दावा, FSSAI ने कंपनी के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा चलाने की दी मंजूरी
नई दिल्ली। देश के प्रमुख पैकेज्ड पेयजल ब्रांड बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. कंपनी के पानी के नमूने लगातार दो बार जांच में निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं. इसके बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ अदालत में मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. जांच में पानी के भीतर ऐसे रासायनिक तत्व मिलने का दावा किया गया है, जिन्हें स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माना जाता है.
जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बिसलेरी कंपनी के परिसर से पानी का नमूना लिया था. पहली बार की प्रयोगशाला जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पायी गयी. ब्रोमेट एक ऐसा रासायनिक यौगिक है, जिसकी अधिक मात्रा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है. खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत पेयजल में इसकी मात्रा नियंत्रित रखना जरूरी है.
दोबारा जांच में भी नहीं मिला मानकों के अनुरूप परिणाम
पहली जांच के नतीजों पर कंपनी ने आपत्ति जतायी थी. इसके बाद नमूने की दोबारा जांच करायी गयी. लेकिन दूसरी जांच में भी पानी का नमूना निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा. रिपोर्ट में PAHs (पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन) नामक रासायनिक तत्वों की मौजूदगी का भी दावा किया गया है. PAHs समूह के कुछ यौगिक लंबे समय तक संपर्क में रहने पर कैंसर के खतरे से जुड़े माने जाते हैं.
इस मामले में खास बात यह है कि जांच के लिए नमूना बाजार में बिकने वाली पानी की बोतलों से नहीं, बल्कि कंपनी के परिसर से लिया गया था. दो बार जांच में प्रतिकूल नतीजे आने के बाद FSSAI ने कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ कर दिया है.
हालांकि, अदालत में मुकदमा चलाने की मंजूरी मिलने का अर्थ कंपनी को दोषी ठहराया जाना नहीं है. मामले में अंतिम फैसला न्यायालय की सुनवाई और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगा. इस कार्रवाई के बाद पैकेज्ड पेयजल की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.


