- छह सूत्री मांगों को लेकर जुटे सैकड़ों अभ्यर्थी, पेपर लीक की CBI जांच, लंबित नियुक्तियां पूरी करने और नई वैकेंसी जारी करने की उठी मांग
हजारीबाग: झारखंड में सरकारी नौकरी और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आक्रोश एक बार फिर सामने आया है। जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षा एवं नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर हजारीबाग के गांधी मैदान में छात्र महापंचायत आयोजित की गई। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के बैनर तले आयोजित इस महापंचायत में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के विभिन्न जिलों से सैकड़ों प्रतियोगी छात्र शामिल हुए।
इस दौरान छात्रों ने छह सूत्री मांगें सरकार के सामने रखीं। इनमें दारोगा, जिला पुलिस, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सहायक आचार्य, टीजीटी-पीजीटी, एलडीसी और तकनीकी पदों पर लंबित नियुक्तियां जल्द पूरी करने की मांग प्रमुख रही। इसके साथ ही रिक्त पदों पर नए विज्ञापन जारी करने और समयबद्ध नियुक्ति कैलेंडर लागू करने की मांग भी उठाई गई।
छात्रों ने जेएसएससी-सीजीएल, जेपीएससी समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने, नियुक्तियों में देरी से प्रभावित अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट देने और लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान करने की मांग की। साथ ही झारखंड के युवाओं को प्राथमिकता देने वाली स्पष्ट नियोजन नीति लागू करने पर भी जोर दिया गया।
महापंचायत में मंच के प्रवक्ताओं रविंद्र पासवान और पीयूष कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार और आयोग की ओर से जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके लिए ‘उलगुलान 2.0’ की घोषणा की गई। महापंचायत में छात्रों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों और रोजगार के मुद्दे पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।


