धनबाद। सिख धर्म के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर धनबाद में भक्ति और उत्साह का माहौल है। सोमवार को झरिया के कोयरीबांध गुरुद्वारा से निकले भव्य नगर कीर्तन के साथ प्रकाश पर्व के तीन दिवसीय समारोह का शुभारंभ हुआ। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कतरास मोड़, बस्ताकोला, धनसार और जोड़ाफाटक होते हुए नगर कीर्तन बैंकमोड़ स्थित बड़ा गुरुद्वारा पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह तोरण द्वार और स्वागत शिविर लगाए गए थे। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और सेवा के साथ नगर कीर्तन में शामिल संगत का स्वागत किया।
नगर कीर्तन के दौरान पूरा रास्ता गुरु भक्ति और शबद-कीर्तन से गूंजता रहा। सिख समाज के लोगों ने श्रद्धा के साथ इसमें भाग लिया। आयोजन को लेकर विभिन्न गुरुद्वारों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं।
अमृतसर और पटियाला के विद्वान करेंगे शबद-कीर्तन और कथा
प्रकाश पर्व के अवसर पर बैंकमोड़ बड़ा गुरुद्वारा में तीन दिनों तक विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सचखंड श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी जत्था हरजीत सिंह शबद-कीर्तन के जरिए संगत को निहाल करेंगे। वहीं, पंजाब यूनिवर्सिटी, पटियाला के कथावाचक डॉ. हरभजन सिंह कथा दीवान प्रस्तुत करेंगे।
गुरुद्वारा के सेवादार सतपाल सिंह ने बताया कि तीनों दिन श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था रहेगी। संगत की सुविधा और आयोजन की सफलता के लिए सेवादारों की टीमें लगातार सेवा में जुटी हैं।
रोशनी से सजा बड़ा गुरुद्वारा, तीन दिन चलेगा धार्मिक आयोजन
प्रकाश पर्व को लेकर बैंकमोड़ बड़ा गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया है। यहां अरदास, शबद-कीर्तन और कथा दीवान के साथ अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे। गुरुद्वारा के सेवादार गुरुचरण सिंह ने भी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान गुरु की वाणी, सेवा और लंगर के माध्यम से श्रद्धालुओं को आपसी भाईचारे और समानता का संदेश दिया जाएगा। नगर कीर्तन के साथ शुरू हुए इस समारोह को लेकर धनबाद के सिख समाज में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


