रांची के DAV नंदराज पब्लिक स्कूल के दो विद्यार्थियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हासिल की सफलता, 11 हजार प्रतिभागियों में 100 का हुआ चयन
रांची। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण चित्रकला प्रतियोगिता 2026 में रांची के डी.ए.वी. नंदराज पब्लिक स्कूल, बरियातू के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय के छात्र ओजस पांडेय ने राज्यस्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 7,500 रुपये का नकद पुरस्कार हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ रांची का भी गौरव बढ़ा है।
दरअसल, ऊर्जा संरक्षण के प्रति बच्चों और समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें विद्यार्थियों को ‘विद्यालय एवं घर में ऊर्जा की बचत करें’ और ‘ऊर्जा संरक्षण ही ऊर्जा सुरक्षा की कुंजी है’ जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता दिखाने का अवसर मिला।
11 हजार विद्यार्थियों के बीच हुआ मुकाबला
20 नवंबर 2026 को आयोजित राज्यस्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में करीब 11 हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 100 विद्यार्थियों का चयन किया गया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच डी.ए.वी. नंदराज पब्लिक स्कूल के कक्षा आठवीं ‘सी’ के छात्र ओजस पांडेय ने ग्रुप बी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और 7,500 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्राप्त की।
वहीं, विद्यालय के कक्षा सातवीं ‘सी’ के छात्र वत्सांक राज ने भी ग्रुप ए में पुरस्कार हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकारी के माध्यम से बिजली की बचत, ऊर्जा के विवेकपूर्ण इस्तेमाल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
DVC और ऊर्जा दक्षता ब्यूरो ने किया आयोजन
यह प्रतियोगिता दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) की ओर से ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) एवं भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित की गई थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना और भविष्य की पीढ़ी को जिम्मेदार ऊर्जा उपयोग के लिए प्रेरित करना है।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को दी बधाई
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि प्रकाश तिवारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण बेहद जरूरी है। इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता, रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।
विद्यालय परिवार ने भी दोनों विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


