पॉलिटेक्निक रोड के पंपू तालाब के आसपास 15 एकड़ जमीन का सर्वे जारी, दस्तावेज पेश करने के लिए मिलेगा सात दिन का समय
धनबाद: सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ धनबाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। पॉलिटेक्निक रोड स्थित पंपू तालाब के आसपास करीब 15 एकड़ सरकारी जमीन की नापी और चिह्नीकरण किया जा रहा है। इस दौरान अब तक लगभग 150 घर चिह्नित किए जा चुके हैं। प्रशासन की कार्रवाई से इलाके में हलचल तेज हो गई है।
धनबाद अंचलाधिकारी रामप्रवेश कुमार के नेतृत्व में सोमवार को प्रशासनिक टीम ने पंपू तालाब के आसपास जमीन की नापी शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक, सर्वे के दौरान करीब 150 घर चिह्नित किए गए हैं। बाकी हिस्सों में भी नापी और चिह्नीकरण का काम जारी है।
नोटिस के बाद सात दिन में पेश करने होंगे जमीन के दस्तावेज
प्रशासन की ओर से चिह्नित मकान मालिकों को जल्द नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस मिलने के बाद संबंधित लोगों को जमीन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। इसके बाद दस्तावेजों की जांच और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होगी। सभी पक्षों को सुनने के बाद ही प्रशासन अंतिम आदेश पारित करेगा। फिलहाल किसी मकान को तोड़ने का आदेश नहीं दिया गया है।
छह लेन सड़क परियोजना को लेकर भी हो रही जमीन की जांच
पंपू तालाब के आसपास प्रस्तावित छह लेन सड़क परियोजना को देखते हुए भी प्रशासन जमीन की स्थिति स्पष्ट करने में जुटा है। इस क्षेत्र में गैरआबाद जमीन की नापी की जा रही है। इसके अलावा कार्मेल स्कूल के आसपास की जमीन को भी सर्वे के दायरे में रखा गया है।
रांगाटांड़ में चिह्नीकरण पूरा, पांडरपाला में भी होगी कार्रवाई
अंचलाधिकारी रामप्रवेश कुमार ने बताया कि पॉलिटेक्निक क्षेत्र और रांगाटांड़ में जमीन का चिह्नीकरण पूरा कर लिया गया है। वहीं, पांडरपाला में भी सरकारी जमीन चिह्नित की गई है। आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट रेलवे के डीआरएम को भेजी जाएगी।
फिलहाल धनबाद में सरकारी जमीन की पहचान और अतिक्रमण की जांच का अभियान जारी है। अब संबंधित लोगों की नजर प्रशासन की ओर से जारी होने वाले नोटिस और दस्तावेजों की जांच पर टिकी है।


