खेलगांव की बदहाली पर भी जताई चिंता, विशेष कमिटी गठित कर सर्वेक्षण और मरम्मत कराने का किया आग्रह
रांची, 24 नवंबर। झारखंड में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, रेल कनेक्टिविटी और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने केंद्र सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। भारत सरकार के केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया के रांची प्रवास के दौरान चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार भेंट कर राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रांची में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना, अहमदाबाद और रांची के बीच सीधी सुपरफास्ट अथवा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने तथा रांची के खेलगांव की बदहाल स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ से भी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हुई। उनके साथ उद्योग एवं व्यापार से जुड़े विषयों पर सकारात्मक बातचीत हुई। चैम्बर प्रतिनिधियों ने कहा कि झारखंड के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य, परिवहन और खेल के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है।
अहमदाबाद-रांची के बीच सीधी ट्रेन चलाने की मांग
चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष अहमदाबाद और रांची के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि दोनों शहरों के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण यात्रियों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर रांची, डाल्टनगंज, लोहरदगा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा और चिकित्सा के उद्देश्य से गुजरात के अहमदाबाद एवं वडोदरा की यात्रा करते हैं।
सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलनी पड़ती है। इससे उनका समय और पैसा दोनों अधिक खर्च होता है। उन्होंने सुझाव दिया कि अहमदाबाद से रांची के बीच छायापुरी (वडोदरा), उज्जैन, संत हिरदाराम नगर (भोपाल), कटनी, सिंगरौली, चोपन (सोनभद्र), डाल्टनगंज और लोहरदगा होते हुए सुपरफास्ट अथवा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की जाए। इससे झारखंड और गुजरात के बीच व्यापारिक, सामाजिक एवं आर्थिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी।
रांची में एम्स की स्थापना से कई जिलों को होगा लाभ
प्रतिनिधिमंडल ने रांची में एम्स की स्थापना की आवश्यकता पर भी जोर दिया। चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि रांची झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए भी एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। यहां एम्स की स्थापना होने से न केवल राजधानी बल्कि रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा, गुमला, पलामू, खूंटी और सिमडेगा समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए वर्तमान में कई मरीजों को राज्य से बाहर जाना पड़ता है। रांची में एम्स की स्थापना होने से मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें दूसरे राज्यों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे झारखंड के साथ-साथ सीमावर्ती राज्यों के लोगों को भी व्यापक लाभ मिलेगा।
चैम्बर अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री से इन दोनों मांगों पर संबंधित मंत्रालयों के स्तर पर आवश्यक सहयोग एवं कार्रवाई कराने का आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक सहमति जताई।
खेलगांव की बदहाली पर जताई चिंता, सर्वेक्षण कराने का आग्रह
बैठक के दौरान रांची स्थित खेलगांव की दयनीय स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। तुलसी पटेल ने कहा कि खेलगांव अंतरराष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण खेल इंफ्रास्ट्रक्चर है, लेकिन समुचित रखरखाव के अभाव में इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। यह झारखंड की महत्वपूर्ण खेल धरोहर है, जिसका बेहतर उपयोग राज्य के खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया जा सकता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि खेलगांव की वर्तमान स्थिति का आकलन करने के लिए एक विशेष कमिटी गठित की जाए। कमिटी के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों से पूरे परिसर का सर्वेक्षण कराया जाए तथा आवश्यक मरम्मत और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खेलगांव को फिर से विकसित कर आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स सहित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के अनुरूप तैयार किया जाना चाहिए। इससे झारखंड को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिल सकती है और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग शामिल थे। चैम्बर की ओर से महासचिव रोहित अग्रवाल एवं प्रवक्ता विनीता सिंघानिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।


