राजकीय अतिथिशाला में प्रदेश प्रभारी के. राजू समेत वरिष्ठ नेताओं ने पर्यवेक्षकों के साथ की समीक्षा, शेष 40% काम पूरा करने के लिए चलेगा जागरूकता और प्रशिक्षण अभियान
झारखंड : रांची के मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में PESA कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कांग्रेस की महत्वपूर्ण समीक्षा एवं तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव सहित राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हुए। इस दौरान आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा और ग्रामसभाओं को अधिक सशक्त बनाने के मुद्दे पर चर्चा हुई।
बैठक में PESA पर्यवेक्षकों को आवंटित प्रखंडों में अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही, कानून के प्रावधानों को गांवों तक पहुंचाने और ग्रामसभा के अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
60 प्रतिशत काम पूरा, शेष कार्यों के लिए चलेगा अभियान
बैठक के बाद विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने बताया कि PESA पर्यवेक्षकों को अलग-अलग प्रखंडों की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें संबंधित क्षेत्रों में ग्रामसभा प्रधानों से संपर्क कर PESA नियमावली के तहत मिलने वाले अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी देनी है। इसके अलावा ग्रामसभा सदस्यों को प्रशिक्षित करने और कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस दिशा में अब तक लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि 40 प्रतिशत कार्य अभी बाकी है। बचे हुए कार्यों को गति देने के लिए आगे भी बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर ग्रामसभा प्रधानों के साथ संवाद स्थापित करने की तैयारी भी की जा रही है।
ग्रामसभा प्रधानों को अधिकारों की जानकारी देना जरूरी : बंधु तिर्की
पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि बैठक में पर्यवेक्षकों को सौंपे गए प्रखंडों में अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि PESA कानून को जमीन पर प्रभावी बनाने के लिए ग्रामसभा प्रधानों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों से अवगत कराना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ग्रामसभा प्रधानों और ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किए बिना कानून का सही तरीके से क्रियान्वयन संभव नहीं है। ग्रामसभा की भूमिका और उसके संवैधानिक अधिकारों को समझना जरूरी है, ताकि ग्रामीण अपने अधिकारों का वास्तविक रूप से उपयोग कर सकें।


