26 अक्टूबर को सियार ने किया था हमला, परिजनों को कई दिनों तक नहीं दी घटना की जानकारी; हालत बिगड़ने पर कोडरमा से देवघर एम्स और फिर धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान तोड़ा दम।
धनबाद: सियार के काटने के बाद समय पर इलाज नहीं कराना एक बुजुर्ग के लिए घातक साबित हुआ। कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित रूपाईडीह मकतपुर निवासी 75 वर्षीय बुलाकी महतो की मंगलवार की सुबह धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सियार के काटने के बाद उन्होंने एंटी रेबीज का टीका नहीं लगवाया था।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को बुलाकी महतो पर एक सियार ने हमला कर उन्हें काट लिया था। हालांकि, उन्होंने इस घटना को परिवार के लोगों से छिपाए रखा। इस वजह से समय रहते उन्हें अस्पताल नहीं ले जाया जा सका और न ही एंटी रेबीज टीकाकरण हो पाया।
कुछ दिनों बाद जब उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, तब परिजनों को सियार के काटने की घटना के बारे में पता चला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए कोडरमा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें एम्स देवघर ले गए।
एम्स देवघर में उपचार के बाद सोमवार को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें एम्स पटना या रिम्स ले जाने की सलाह दी। लेकिन परिजन उन्हें धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंच गए। यहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह बुलाकी महतो की मौत हो गई।


