-तीन लोगों के शव बरामद, 13 वर्षीय बच्चे ने तैरकर बचाई जान; दो बच्चे अब भी लापता, चार आरोपियों पर केस दर्ज
गुजरात के सूरत जिले के बारडोली तालुका में महाराष्ट्र से मजदूरी करने आए एक परिवार के साथ कथित तौर पर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि कुछ लोगों ने पूरे परिवार को अगवा कर उकाई-काकरापार नहर में फेंक दिया। इस घटना में मां-पिता और एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, 13 वर्षीय बच्चे ने तैरकर अपनी जान बचा ली। परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं।
रास्ता रोककर अलग-अलग वाहनों में किया अपहरणः
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एरंडोल इलाके में रहने वाला परिवार 21 तारीख को मजदूरी के लिए कार से सूरत जा रहा था। इसी दौरान बारडोली के उवा-सेजवाड़ गांव के पास दूसरी कार में सवार कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि परिवार के सदस्यों को अलग-अलग वाहनों में बैठाकर नहर के पास ले जाया गया और गहरे पानी में फेंक दिया गया।
13 वर्षीय बच्चे ने तैरकर बचाई जान, होटल पहुंचकर दी सूचनाः
नहर में फेंके जाने के बाद 13 वर्षीय बच्चा किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा। वह पास के एक होटल पहुंचा और लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया।
नहर से दंपति व बेटी के शव बरामद, दो बच्चों की तलाश जारीः
तलाशी अभियान के दौरान महुवा तालुका के डूंगरी गांव के पास नहर से कविता पाटिल, नितिन उर्फ भूरिया पाटिल और उनकी छोटी बेटी के शव बरामद किए गए। परिवार के दो अन्य बच्चे अब भी लापता हैं। उनकी तलाश में पुलिस और गोताखोरों की टीमें जुटी हुई हैं।
चार आरोपियों पर केस दर्ज, विशेष टीमें कर रहीं रंजिश की जांचः
पुलिस ने खंडियो, आभो, बंटी और एक अज्ञात व्यक्ति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी और लापता बच्चों की तलाश के लिए एलसीबी, एसओजी, स्थानीय पुलिस और अन्य विशेष टीमों को लगाया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर परिवार के साथ इतनी बड़ी वारदात क्यों की गई और इसके पीछे पुरानी रंजिश या कोई अन्य विवाद तो नहीं था।


