कागजों में सिमटी कमिटी, खिलाड़ियों से छलावा
रांची। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) में पारदर्शिता के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। कोडरमा जिला क्रिकेट संघ में व्याप्त भारी अनियमितताओं की जांच के नाम पर जेएससीए ने जो चार सदस्यीय कमेटी बनाई है, वह अब खुद संदेह के घेरे में है। आरोप है कि जांच के नाम पर महज ‘आईवॉश’ यानी आंखों में धूल झोंकने का काम हो रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कमेटी में हेरफेर करते हुए एक ऐसे शख्स को जांच का जिम्मा सौंप दिया गया है, जिसके खिलाफ खुद शिकायतों का अंबार लगा हुआ है।
जेएससीए की कार्यशैली पर ही सवाल
जेएससीए ने चार सदस्यीय जांच कमेटी में आनन-फानन में बदलाव करते हुए पुराने दो सदस्यों को बाहर का रास्ता दिखाया और दो नए चेहरे शामिल किए। इस नई सूची में धनबाद जिला क्रिकेट संघ के विनय कुमार सिंह का नाम देखकर खेल जगत में हड़कंप मच गया है। यह वही विनय कुमार सिंह हैं, जिनके खिलाफ महज तीन महीने पहले धनबाद जिला क्रिकेट संघ के करीब 125 सदस्यों ने जेएससीए को शिकायतों का पुलिंदा सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई थी। हैरानी की बात यह है कि जेएससीए ने उन शिकायतों पर कार्रवाई करने के बजाय, दागदार छवि के आरोपों से घिरे विनय कुमार सिंह को ही दूसरी जांच कमेटी का सदस्य बना दिया। इस फैसले ने जेएससीए की कार्यशैली और नीयत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अनशनकारियों को दिया झांसा
कोडरमा जिला क्रिकेट संघ में हो रही धांधली के खिलाफ पूर्व और वर्तमान क्रिकेटरों ने जब आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया और अनशन पर बैठे, तो दबाव में आए जेएससीए ने मामले को शांत करने के लिए नया पैंतरा चला। संघ ने आनन-फानन में यह हवा उड़ा दी कि जांच कमेटी गठित कर दी गई है और अनशनकारी खिलाड़ियों के बीच भी इसका ढिंढोरा पीटा गया। लेकिन, विडंबना यह है कि कमेटी गठन से जुड़ा कोई भी आधिकारिक पत्र खिलाड़ियों को नहीं सौंपा गया।
कागजों तक सिमटी नौ अगस्त की कमेटी
हकीकत यह है कि कोडरमा मामले की जांच के लिए जिस कमेटी का हवाला दिया जा रहा है, उसका गठन तो पिछले नौ अगस्त को ही हो चुका था। मगर यह कमेटी सिर्फ कागजों की शोभा बनकर रह गई और आज तक जांच की एक ईंट भी नहीं रखी जा सकी। जेएससीए के इस रवैये से खिलाड़ियों में भारी आक्रोश है और जांच की निष्पक्षता पर बड़ा प्रश्नचिह्न लग गया है।लोगों ने यहां तक कहना शुरू कर दिया है कि छोटे जिलों के मामले में तुरंत जांच कमिटी बना दी जाती है। लेकिन बड़े जिलों के मामले में JSCA हाथ खड़े कर देता है।

