रांची। झारखंड में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) ने पहल तेज कर दी है। बुधवार को चैंबर भवन में स्पोर्ट्स उप समिति की बैठक हुई, जिसमें राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और सालभर की कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में स्पोर्ट्स स्पॉन्सरशिप, निजी निवेश, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और एडवेंचर एवं मनोरंजक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। इसके साथ ही झारखंड में स्पोर्ट्स इंडस्ट्री और मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों का मानना था कि इससे राज्य के लोगों को खेल संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
स्पोर्ट्स उप समिति के चेयरमैन सुमित कक्कड़, गौतम शाही और राजकुमार अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि समिति का उद्देश्य व्यापार जगत, खेल और युवाओं को एक मंच पर लाकर झारखंड में मजबूत खेल वातावरण तैयार करना है। इसके लिए पूरे वर्ष योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए जाएंगे।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बल्कि जरूरत उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है। खेलों के विकास को केवल सरकार की जिम्मेदारी मानने के बजाय व्यापारिक और औद्योगिक जगत की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि चैंबर स्पोर्ट्स स्पॉन्सरशिप, निजी निवेश, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में सार्थक पहल करेगा।
उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय और रोहित पोद्दार ने कहा कि उप समिति के माध्यम से झारखंड के युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि राज्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना सके।
6 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में होगा वॉकाथॉन
बैठक में 6 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले 5 किलोमीटर वॉकाथॉन की जानकारी भी दी गई। रोटरी क्लब ऑफ रांची डाउनटाउन की ओर से कैंसर जागरूकता के उद्देश्य से इस वॉकाथॉन का आयोजन किया जा रहा है। FJCCI इस कार्यक्रम में एसोसिएट पार्टनर के रूप में शामिल होगा। उपाध्यक्षों ने राज्य के नागरिकों, व्यवसायियों, उद्यमियों और युवाओं से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
इस अवसर पर सह सचिव अमित शर्मा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने भी झारखंड में खेलों के विकास के लिए व्यापार जगत से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार, सह सचिव अमित शर्मा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य राहुल साबू, ज्योति कुमारी, निधि झुनझुनवाला, उप समिति चेयरमैन सुमित कक्कड़, गौतम शाही, राजकुमार अग्रवाल सहित बलकार सिंह नामधारी, राहुल मजूमदार, विजय कुमार, संतोष अग्रवाल, संजय विजयवर्गीय और मनमीत सिंह उपस्थित थे।


