मुंबई के कई ठिकानों पर हुआ था आतंकी हमला, 166 लोगों की गई थी जान; शहीद जवानों के साहस और बलिदान को देश कर रहा याद
मुंबई: भारत के इतिहास में 26 नवंबर 2008 की तारीख एक दर्दनाक आतंकी हमले के रूप में दर्ज है। इसी दिन मुंबई में हुए सिलसिलेवार हमलों ने पूरे देश को झकझोर दिया था। समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने शहर के कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था। इस हमले में 166 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे।
26 नवंबर की रात आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CST), ताज महल पैलेस होटल, ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस और लियोपोल्ड कैफे समेत कई जगहों पर हमला किया था। अचानक हुई गोलीबारी और धमाकों से मुंबई में अफरा-तफरी मच गई थी। सबसे ज्यादा चर्चा ताज होटल में चले लंबे ऑपरेशन की हुई, जहां आतंकियों ने कई लोगों को बंधक बना लिया था।
60 घंटे तक चला ताज होटल में ऑपरेशन
ताज महल पैलेस होटल में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच करीब 60 घंटे तक मुठभेड़ चली। होटल के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और आतंकियों को खत्म करने के लिए सुरक्षाबलों ने लगातार अभियान चलाया। 29 नवंबर 2008 की सुबह राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के कमांडो ने ऑपरेशन पूरा कर होटल को आतंकियों से मुक्त कराया।
इस अभियान के दौरान मेजर संदीप उन्नीकृष्णन समेत कई बहादुर सुरक्षाकर्मियों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके साहस और अदम्य वीरता को आज भी पूरा देश याद करता है।
नौ आतंकी मारे गए, कसाब को मिली थी फांसी
मुंबई हमले में शामिल 10 आतंकियों में से नौ को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था, जबकि एक आतंकी अजमल कसाब को जिंदा गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ अदालत में मुकदमा चला और दोषी पाए जाने के बाद 21 नवंबर 2012 को उसे फांसी दी गई।
26/11 की बरसी पर शहीदों को नमन
मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर देशभर में मृतकों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। यह दिन उन निर्दोष लोगों की याद दिलाता है, जिन्होंने इस हमले में अपनी जान गंवाई। साथ ही यह उन जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को भी याद करने का अवसर है, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना आतंकियों का मुकाबला किया।


