झारखंड और ओडिशा में चल रही शूटिंग, संथाल समुदाय की परंपरा, नृत्य और सांस्कृतिक पहचान को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान
रांची। झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक लोककलाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। संथाल समुदाय की पारंपरिक नृत्य शैली, लोकजीवन और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत संस्कृति स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (CCRT) एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म तैयार कर रहा है। इसके लिए CCRT की टीम इन दिनों झारखंड और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों में फिल्मांकन कर रही है।
इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से संथाल समुदाय के पारंपरिक नृत्य, रीति-रिवाज, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को कैमरे में दर्ज किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनजातीय संस्कृति की मौलिकता को संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।
CCRT के अध्यक्ष विनोद नारायण इंदुरकर और निदेशक पपुंजय कुमार के संरक्षण में इस परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं, उपनिदेशक (उत्पादन) संतोष कुमार मिश्र इसके नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
डॉक्यूमेंट्री में विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रसिद्ध संथाली फिल्म अभिनेता दशरथ हांसदा का सहयोग लिया जा रहा है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संथाल नृत्य की विशेषताओं, पारंपरिक शैली और सांस्कृतिक महत्व को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिल्मांकन के दौरान शिवांगी रावत, राजकुमार सिंह और सुमित सचदेवा सहित अन्य सदस्य स्थानीय कलाकारों एवं नृत्य समूहों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इस डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन जाने-माने फिल्ममेकर के.पी. मौर्य कर रहे हैं।
CCRT की यह पहल केवल एक फिल्म निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड की जनजातीय पहचान, लोककला और सांस्कृतिक विरासत को दस्तावेज के रूप में सुरक्षित रखने का प्रयास भी है। इससे संथाल समुदाय की पारंपरिक कला को व्यापक स्तर पर पहचान मिलने के साथ ही देश की सांस्कृतिक विविधता को समझने का अवसर भी मिलेगा।


