पुलिस पीड़ित और उसके पिता को लेकर जेल पहुंची, मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने में देरी पर अदालत में दिया गया आवेदन
रांची। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में कथित यौनाचार के मामले की जांच तेज हो गई है। बुधवार को खेलगांव थाना की पुलिस पीड़ित और उसके पिता को लेकर जेल पहुंची। यहां पुलिस ने पीड़ित से उन स्थानों की पहचान कराई, जहां उसके साथ कथित घटना होने की बात सामने आई है। पीड़ित ने जेल परिसर के अंदर चार अलग-अलग जगहों की पहचान की। पुलिस ने करीब एक घंटे तक इन स्थानों की जानकारी लेने के बाद आगे की जांच शुरू कर दी।
पुलिस टीम दोपहर करीब 2:30 बजे जेल पहुंची थी। इस दौरान जांच अधिकारियों ने पीड़ित से घटनास्थल से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली। पीड़ित की ओर से बताए गए चारों स्थानों को जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस इन जगहों से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल में जुटी है।
मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने के लिए अदालत में आवेदन
मामले में पीड़ित का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया में देरी को लेकर उसके पिता ने बुधवार को अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में आवेदन दिया है। पिता की ओर से अदालत से इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
गौरतलब है कि इस मामले में 12 नवंबर को खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब पीड़ित की ओर से जेल परिसर के चार स्थानों की पहचान किए जाने और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के लिए अदालत में आवेदन दिए जाने के बाद जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।


