-मेयर के पत्र की भी अनदेखी कर रहे नगर आयुक्त: मुकेश अग्रवाल
-दर्जनों बार लिखा गया पत्र, लेकिन नहीं हुई सुनवाई
-दुकानदारों को सड़क पर उतरने को कर रहे मजबूर
रांची नगर निगम के बाजारटांड़ स्थित आवंटित दुकानों पर हो रही कार्रवाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मुद्दे पर अब मेयर रोशनी खलखो और नगर निगम प्रशासन आमने-सामने नजर आ रहे हैं। मेयर ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर दुकानों पर जारी कार्रवाई तत्काल रोकने और दुकानदारों की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की है, हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने का आरोप है।
निगम प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारिणी सदस्य और रांची नगर निगम किरायेदार संघ के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने निगम प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर आयुक्त हाईकोर्ट के आदेशों और मेयर के दर्जनों पत्रों की भी अनदेखी कर रहे हैं। अग्रवाल के अनुसार, दुकानदार लंबे समय से पेनाल्टी, नामांतरण और नाम ट्रांसफर जैसी लंबित समस्याओं से जूझ रहे हैं। इनका समाधान करने के बजाय निगम लगातार नोटिस जारी कर दुकानें खाली कराने की कार्रवाई कर रहा है, जिससे व्यापारी आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं।
संयुक्त समन्वय समिति गठित करने का सुझाव
मेयर रोशनी खलखो ने अपने पत्र में पुराने विवादों के व्यावहारिक और न्यायसंगत हल के लिए एक संयुक्त समन्वय समिति बनाने का सुझाव दिया है। इस समिति में रांची नगर निगम, झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स और किरायेदार संघ के प्रतिनिधियों को शामिल कर आपसी बैठक से रास्ता निकालने की बात कही गई है।
आंदोलन की चेतावनी
मुकेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि व्यापारी प्रशासन से टकराव नहीं चाहते, बल्कि वर्षों से लंबित मामलों में न्याय की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मेयर के हस्तक्षेप और कोर्ट के आदेशों के बावजूद कार्रवाई नहीं रुकी, तो दुकानदार अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


