-अंचलाधिकारी कपिलदेव ठाकुर के बयान पर शिकारीपाड़ा थाने में दर्ज हुआ मुकदमा, हिंसक झड़प के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति, पुलिस की कड़ी निगरानी
दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर गांव में कोल माइंस की टेस्टिंग के दौरान भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हिंसक झड़प को लेकर पुलिस ने 400 से 500 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकारीपाड़ा के अंचलाधिकारी (सीओ) कपिलदेव ठाकुर के लिखित बयान पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, कोयला खदान की टेस्टिंग प्रक्रिया के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान भीड़ ने कंपनी के महाप्रबंधक (जीएम) को बंधक बना लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की।
स्थिति को नियंत्रित करने और अधिकारी को मुक्त कराने जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो उग्र ग्रामीणों ने पुलिस बल पर भी पथराव शुरू कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उपद्रवियों की पहचान और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर प्रशासन और पुलिस प्रशासन क्षेत्र की स्थिति पर लगातार कड़ी नजर बनाए हुए है।


