365 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री, 10 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि; 23 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड और सिल्वर मेडल से किया जाएगा सम्मानित
रांची: राजधानी रांची के डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में ICFAI विश्वविद्यालय, झारखंड का सातवां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और उनके अभिभावकों की मौजूदगी से उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के साथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टीआरके राव, कुलपति कर्नल रंजीत सिंह और कुलसचिव सुमित कुमार सिंह भी मौजूद हैं। समारोह की शुरुआत पारंपरिक शैक्षणिक शोभायात्रा और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
दीक्षांत समारोह में कुल 365 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जा रही हैं। इनमें 10 पीएचडी शोधार्थी भी शामिल हैं, जिन्हें डॉक्टरेट की उपाधि दी जाएगी। वहीं, विभिन्न पाठ्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जा रहा है।
23 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे पदक
इस अवसर पर शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 23 विद्यार्थियों को स्वर्ण और रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 12 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और 11 को सिल्वर मेडल प्रदान किए जाएंगे। विश्वविद्यालय की ओर से मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है।
समारोह को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। विद्यार्थियों के लिए यह दिन उनकी शैक्षणिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।


