झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे दिन, एमएमडीआर (MMDR) संशोधन बिल को लेकर सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस संशोधन के लागू होने से झारखंड को सालाना करीब 13 हजार करोड़ रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ेगा, जिससे राज्य की कल्याणकारी योजनाओं की रफ्तार थम सकती है। वहीं, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है और देश की समृद्धि का रास्ता झारखंड के कमजोर लोगों के ऊपर से होकर नहीं गुजरना चाहिए।
विशेष सत्र की टाइमिंग और सियासी एजेंडाः
सदन में चर्चा की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का विचार सरकार के मन में पहले से ही मौजूद था और विभिन्न घटनाक्रमों के चलते 26 नवंबर की तिथि तय की गई। उन्होंने बताया कि सत्र के पहले दिन SIR को लेकर सदन में भावनाएं रखी गईं और आज एमएमडीआर संशोधन बिल पर प्रस्तावित चर्चा अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस संवेदनशील और राज्यहित से जुड़े विषय पर पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से गंभीर चर्चा होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मुद्दा किसी एक दल का नहीं, बल्कि राज्य के सम्मान, संवैधानिक अधिकार और भविष्य से जुड़ा है।
13 हजार करोड़ का सालाना झटका और कल्याणकारी योजनाओं पर संकटः
मुख्यमंत्री ने वित्तीय आकलन रखते हुए बताया कि इस संशोधन के प्रभाव से राज्य के खजाने को हर साल लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की चपत लगेगी। अगले 10 वर्षों में 2100 मिलियन टन खनिज निकालने का अनुमान था, जिससे प्रतिवर्ष करीब 15 हजार करोड़ रुपये और एक दशक में कुल 2 लाख 56 हजार करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना थी। केंद्र के इस कानून के चलते अगले 10 वर्षों में राजस्व घटकर महज एक लाख करोड़ रुपये के आसपास सिमट सकता है, जिससे एक लाख करोड़ रुपये की बड़ी हानि होगी। इसका सीधा असर अबुआ आवास, मईयां सम्मान योजना और सर्वजन पेंशन जैसी कल्याणकारी योजनाओं पर पड़ने की आशंका है।


