कोलकाता। बांग्लादेश में जारी हिंसा और तनावपूर्ण हालात को देखते हुए भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पश्चिम बंगाल के दो प्रमुख सीमावर्ती रेलवे स्टेशन नदिया जिले के गेदे और उत्तर 24 परगना जिले के पेट्रापोल में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। रेलवे स्टेशनों से लेकर रेल पटरियों तक निगरानी बढ़ा दी गई है। बांग्लादेश में सरकार बदलने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच चलने वाली यात्री ट्रेन सेवाएं फिलहाल बंद हैं, लेकिन मालगाड़ियों का परिचालन जारी है। इसी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरत रही हैं।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दोनों स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई है। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी सीमावर्ती इलाकों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए रेलवे ट्रैक पर विशेष कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से गुजरने वाली ट्रेनों के निचले हिस्से की जांच की जा सकेगी। इससे ट्रेन के नीचे किसी संदिग्ध वस्तु के लगाए जाने की आशंका का पता लगाने में मदद मिलेगी। सुरक्षा अभियान में रेलवे के साथ सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), कस्टम विभाग और पश्चिम बंगाल पुलिस भी जुटी हुई है।
सीमा पर चौकसी बढ़ीः
भारत-बांग्लादेश सीमा के इन महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का पूरा ध्यान इस बात पर है कि सीमा पार से किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी खतरे को समय रहते रोका जा सके।


