-संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो अशोक आर पाटिल ने संवैधानिक नैतिकता और मौलिक कर्तव्यों पर दिया जोर
नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL), रांची में संविधान दिवस के अवसर पर “संवैधानिक मूल्य, मौलिक कर्तव्य और राष्ट्रीय एकता” विषय पर एक भव्य राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। “हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान” थीम पर आधारित यह कार्यक्रम संविधान अंगीकार किए जाने की 77वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ रहे। उनके परिसर में आगमन पर पौधरोपण किया गया, जिसके बाद दीप प्रज्वलन कर संगोष्ठी का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कुलपति प्रो (डॉ) अशोक आर पाटिल और कुलसचिव प्रो (डॉ) धर्मेंद्र पाटियाल सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक, शोधार्थी और विधि के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मौके पर कुलपति प्रो अशोक आर पाटिल ने कहा कि मौलिक अधिकार लोकतंत्र के स्तंभ हैं, वहीं अनुच्छेद 51ए के तहत निहित मौलिक कर्तव्य हमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं। उन्होंने संविधान निर्माण में झारखंड के महान सपूत जयपाल सिंह मुंडा के ऐतिहासिक योगदान को विशेष रूप से याद किया। डॉ बीआर आंबेडकर के विचारों का हवाला देते हुए उन्होंने स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के अटूट संबंध पर जोर दिया। संगोष्ठी की वैचारिक पृष्ठभूमि पर प्रो श्यामला ने भी प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि संजय सेठ ने कहा कि संविधान निर्माण में झारखंड के नौ महान व्यक्तित्वों के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भाषाई और सांस्कृतिक विविधताओं के बावजूद हमारे संवैधानिक मूल्य ही देश की एकता का मुख्य आधार हैं। देश की आर्थिक और तकनीकी प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने रक्षा उत्पादन, स्टार्टअप, अंतरिक्ष अनुसंधान और डिजिटल क्षेत्रों में भारत की अभूतपूर्व तरक्की पर बात की। विधि के विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि कानूनी पेशे का मुख्य उद्देश्य केवल मुकदमे जीतना नहीं, बल्कि समाज में न्याय सुनिश्चित करना होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का सम्मान किया गया।


