ज़ेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस (एक्सआईएसएस), रांची में बुधवार को स्वास्थ्य, कल्याण और सामाजिक विकास के मुद्दों पर विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। संस्थान के फादर माइकल वैन डेन बोगार्ट एसजे मेमोरियल ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय था- ‘बियॉन्ड बिजनेस: हेल्थ, वेलनेस एंड द पावर ऑफ पर्पस’। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, बेहतर जीवनशैली, सामाजिक जिम्मेदारी और उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

इस अवसर पर हर्बालाइफ इंडिया के मार्केट स्ट्रैटेजी एंड इम्प्लीमेंटेशन के उपाध्यक्ष उदय प्रकाश और सीएसआर एवं ईसीजी प्रमुख श्वेता झा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान मिलने के साथ-साथ सामाजिक और विकास से जुड़ी चुनौतियों के समाधान में भी मदद मिल सकती है।
उद्योग और शिक्षा के बीच मजबूत साझेदारी पर जोर
कार्यक्रम की शुरुआत एक्सआईएसएस के निदेशक डॉ. जोसेफ मरियानुस कुजूर एसजे के संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि उद्योग और शिक्षा जगत का आपसी सहयोग केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसे ज्ञान, व्यावहारिक अनुभव और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में विकसित करने की जरूरत है।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि संस्थानों और कंपनियों के बीच साझेदारी का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। जमीनी स्तर पर विकास, समावेशी प्रगति और सामाजिक प्रभाव को इस सहयोग का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
आर्थिक सफलता से आगे है बेहतर जीवन की अवधारणा
मुख्य वक्ता उदय प्रकाश ने अपने संबोधन में मानव विकास, स्वास्थ्य, खुशी और आपसी सहयोग के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति का आकलन केवल आर्थिक उपलब्धियों या तकनीकी विकास के आधार पर नहीं किया जा सकता। इसके लिए लोगों के जीवन की गुणवत्ता और उनके समग्र कल्याण को भी महत्व देना जरूरी है।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर भी विचार रखे। उनके अनुसार, तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग मानवीय क्षमताओं को बेहतर बनाने के लिए होना चाहिए, न कि मानव बुद्धिमत्ता के विकल्प के रूप में।
16 राज्यों में सामाजिक विकास से जुड़ी पहल
कार्यक्रम में हर्बालाइफ इंडिया की सीएसआर एवं ईसीजी प्रमुख श्वेता झा ने कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी देश के 16 राज्यों में विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है और उसकी पहल 15 सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) से जुड़ी हुई है।
उन्होंने अनुसंधान एवं विकास, खेल, कौशल प्रशिक्षण, शिक्षा और आजीविका संवर्धन जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं का उद्देश्य केवल गतिविधियां संचालित करना नहीं, बल्कि उनके माध्यम से वास्तविक और दीर्घकालिक बदलाव लाना होना चाहिए।
विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने पर चर्चा
एक्सआईएसएस के डीन (एकेडेमिक्स) डॉ. अमर तिग्गा ने शिक्षा व्यवस्था को उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट, शोध कार्य और व्यावहारिक प्रशिक्षण के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित ओपन हाउस सत्र में संयुक्त शोध प्रकाशन, क्षेत्र आधारित परियोजनाओं और जमीनी स्तर पर काम करने वाले उद्यमों के साथ विद्यार्थियों की भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान यह समझने का प्रयास किया गया कि शैक्षणिक ज्ञान को वास्तविक सामाजिक समस्याओं के समाधान और विकासात्मक कार्यों में किस तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही भागीदारी
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. मयंक ने किया, जबकि समापन अवसर पर डॉ. उमा साहा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस दौरान डॉ. रत्नेश चतुर्वेदी, डॉ. अनंत कुमार, डॉ. के.एम. स्प्रिंग, डॉ. बी.पी. महापात्रा, डॉ. संत प्रसाद, डॉ. कुसुमावती, डॉ. सौर्या, आदित्य राज, हर्षवर्धन और ईवा लकड़ा सहित संस्थान के कई शिक्षक एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।
इस आयोजन के जरिए विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के व्यापक दृष्टिकोण से परिचित कराने के साथ उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग की नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श का अवसर मिला।


