झारखंड की मेजबानी में राजधानी रांची के खेलगांव स्थित गणपत राय इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के तहत अंडर-19 बालक एवं बालिका ताइक्वांडो प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। 26 से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 39 राज्यों और खेल इकाइयों के युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) स्कूली खिलाड़ियों के खेल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहीं से निकलकर युवा खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत उर्सलाइन कॉन्वेंट कॉलेज की छात्राओं के स्वागत गीत और रोहन पाठक की टीम द्वारा प्रस्तुत ‘खेलो झारखंड’ गीत से हुई। इसके अलावा, पारंपरिक आदिवासी नृत्य ने देश भर से आए मेहमानों और खिलाड़ियों का मन मोह लिया। आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी उतना ही महत्व दे रहा है।
ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रभात कुमार शर्मा ने झारखंड की आयोजन क्षमता की जमकर सराहना करते हुए कहा कि यहाँ का शिक्षा विभाग राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों को सफलता से पूरा करने में पूरी तरह सक्षम है। इस अवसर पर झारखंड ताइक्वांडो संघ के संजय कुमार शर्मा, मिथिलेश कुमार और एसजीएफआई की फील्ड ऑफिसर मुक्ता बब्बर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन माधवी मेहर ने तथा धन्यवाद ज्ञापन मो. मोददसर रहमान खान ने किया। 30 नवंबर तक चलने वाली यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सुनहरा अवसर दे रही है।
इसे भी पढ़ेंः रोहिणी की पुरानी PLR माइंस में CISF की छापेमारी, 2.15 टन अवैध कोयला जब्त


