सड़क दुर्घटना में शरीर का कोई अंग कटकर अलग हो जाए तो अक्सर उसे दोबारा जोड़ना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। लेकिन रांची के पारस एचईसी अस्पताल के डॉक्टरों ने जटिल माइक्रोवैस्कुलर सर्जरी के जरिए एक 32 वर्षीय ड्राइवर के कटकर अलग हुए दाएं हाथ के अंगूठे को सफलतापूर्वक जोड़ दिया। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली इस सर्जरी के बाद मरीज का अंगूठा सुरक्षित है और उसकी स्थिति संतोषजनक बताई गई है।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, मरीज सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे में उसके दाएं हाथ का अंगूठा पूरी तरह कटकर अलग हो गया था। दुर्घटना के लगभग आठ घंटे बाद उसे पारस एचईसी अस्पताल लाया गया। निर्धारित गोल्डन आवर बीत जाने और अंगूठे में गंभीर क्रश इंजरी होने के कारण ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद डॉक्टरों की टीम ने अंगूठे को दोबारा जोड़ने का निर्णय लिया।
माइक्रोस्कोप की मदद से जोड़ी गईं नसें और रक्त वाहिकाएं
इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व अस्पताल के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार एवं विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक गोस्वामी ने किया। सर्जरी के दौरान सुपर माइक्रोसर्जरी तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
डॉक्टरों ने माइक्रोस्कोप की मदद से अंगूठे की दो डिजिटल धमनियों और रक्त की वापसी के लिए तीन डॉर्सल नसों को जोड़ा। इसके साथ ही दोनों डिजिटल नसों की मरम्मत की गई। अंगूठे की मांसपेशियों से जुड़ी फ्लेक्सर और एक्सटेंसर टेंडन को भी ठीक किया गया। हड्डी को सही स्थिति में रखने और स्थिरता देने के लिए के-वायर का इस्तेमाल किया गया।
करीब साढ़े तीन घंटे की मेहनत के बाद डॉक्टरों को अंगूठे को दोबारा जोड़ने में सफलता मिली।
ड्राइवर के रोजगार के लिए अंगूठा बचाना था जरूरी
डॉ. विवेक गोस्वामी ने बताया कि मरीज पेशे से ड्राइवर है। ऐसे में दाएं हाथ का अंगूठा खोना उसके रोजगार और भविष्य के लिए बड़ी समस्या बन सकता था। हाथ की पकड़ मजबूत रखने, वस्तुओं को उठाने और रोजमर्रा के कई जरूरी कामों में अंगूठे की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने बताया कि मरीज को सर्जरी की संभावनाओं और उपचार से जुड़े जोखिमों के बारे में जानकारी दी गई थी। मरीज की सहमति के बाद ऑपरेशन किया गया। चोट की गंभीरता और अस्पताल पहुंचने में हुई देरी के बावजूद पूरी टीम ने समन्वय के साथ सर्जरी को सफल बनाया।
शुरुआती 72 घंटे रहे बेहद महत्वपूर्ण
डॉ. गोस्वामी के अनुसार, इस तरह की सर्जरी के बाद शुरुआती 72 घंटे सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान जोड़े गए अंग में रक्त प्रवाह प्रभावित होने या रक्त वाहिकाओं में परेशानी आने का खतरा रहता है। इस मरीज के मामले में क्रश इंजरी अधिक होने के कारण जोखिम भी ज्यादा था।
हालांकि, ऑपरेशन के बाद मरीज में ऐसी कोई गंभीर समस्या सामने नहीं आई। सर्जरी के तीसरे दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालिया जांच में भी अंगूठा सुरक्षित पाया गया।
रांची में ही उपलब्ध है सुपर माइक्रोसर्जरी की सुविधा
डॉ. विवेक गोस्वामी ने बताया कि रांची में इस तरह की सुपर माइक्रोसर्जरी की सुविधा सीमित चिकित्सा केंद्रों पर उपलब्ध है। पारस एचईसी अस्पताल में उच्च क्षमता वाले लाइका माइक्रोस्कोप की सहायता से इस तरह के जटिल ऑपरेशन किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में यह पहली ऐसी सर्जरी नहीं है, बल्कि माइक्रोसर्जरी के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि दुर्घटना में शरीर का कोई अंग कटकर अलग हो जाए तो बिना समय गंवाए विशेषज्ञ चिकित्सा केंद्र पहुंचें। कटे हुए अंग को साफ कपड़े में लपेटकर एक बंद प्लास्टिक बैग में रखें और उस बैग को बर्फ वाले दूसरे पात्र में रखें। कटे हुए अंग को सीधे बर्फ या पानी में न डालें। समय पर इलाज मिलने से कई मामलों में कटे हुए अंग को दोबारा जोड़ना संभव हो सकता है।
मरीजों को रांची में ही बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास
अस्पताल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. नीतेश कुमार ने कहा कि पारस एचईसी अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के माध्यम से जटिल सर्जरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अंग कटकर अलग होने जैसी गंभीर दुर्घटनाओं में समय पर अस्पताल पहुंचना और सही उपचार मिलना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल का प्रयास है कि मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं रांची में ही उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बेहतर इलाज के लिए उन्हें दूसरे शहरों में न जाना पड़े और वे जल्द स्वस्थ होकर अपने सामान्य जीवन तथा रोजगार में वापस लौट सकें।


