एंड्रॉयड, आईफोन, मैक और विंडोज यूजर्स पर खतरा, पांच सुरक्षा खामियों का पता चलने के बाद एजेंसी ने ऐप अपडेट करने की दी सलाह।

WhatsApp का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़ी चेतावनी सामने आई है। भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने मैसेजिंग ऐप में पांच गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। इन कमजोरियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी खास तौर पर तैयार किए गए मैसेज, लिंक या अटैचमेंट के जरिए यूजर्स की निजी जानकारी को निशाना बना सकते हैं। कुछ मामलों में फोन में सेव WhatsApp डेटा डिलीट होने और IP एड्रेस लीक होने का भी खतरा बताया गया है। एजेंसी ने यूजर्स को बिना देरी किए ऐप का लेटेस्ट वर्जन अपडेट करने की सलाह दी है।
WhatsApp के इन प्लेटफॉर्म पर मंडरा रहा खतरा
CERT-In ने 26 नवंबर को जारी अपनी एडवाइजरी में WhatsApp से जुड़ी पांच सुरक्षा कमजोरियों की जानकारी दी है। इनका असर एंड्रॉयड, iOS, Mac और Windows प्लेटफॉर्म पर पड़ सकता है। साइबर अपराधी खास तरीके से तैयार किए गए मैसेज, लिंक या अटैचमेंट के जरिए इन खामियों का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं।
एजेंसी ने केवल आम यूजर्स ही नहीं, बल्कि कंपनियों और संस्थानों को भी WhatsApp का नवीनतम वर्जन इंस्टॉल करने की सलाह दी है। साथ ही अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध मैसेज और फाइलों को खोलने से बचने की अपील की गई है।
एक खास मैसेज से डिलीट हो सकता है WhatsApp डेटा
एडवाइजरी में बताई गई कमजोरियों में पहली CVE-2026-102769 है। यह खामी एंड्रॉयड यूजर्स के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। इसके तहत खास तरीके से तैयार किया गया ‘ऑर्डर डिटेल्स’ मैसेज जोखिम पैदा कर सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यूजर के ऐसे मैसेज पर टैप करने से SQL इंजेक्शन के जरिए फोन में स्थानीय रूप से सेव WhatsApp फाइलें डिलीट हो सकती हैं। इसके अलावा, मैसेज डिलीवर होने के समय और ऐप क्रैश होने जैसी स्थितियों से साइबर हमलावर चैट डेटाबेस से जुड़ी कुछ सीमित जानकारियां हासिल कर सकते हैं।
हालांकि, WhatsApp की ओर से इस सुरक्षा खामी के दुरुपयोग का कोई प्रमाण मिलने की बात नहीं कही गई है। फिर भी संभावित खतरे को देखते हुए यूजर्स को ऐप अपडेट रखने और अनजान मैसेज से सतर्क रहने की जरूरत है।


