स्थानीय सिम कार्ड और महंगे रोमिंग प्लान की झंझट होगी कम, Jio और Verizon समेत कई कंपनियों के साथ साझेदारी की तैयारी।

विदेश यात्रा करने वाले WhatsApp यूजर्स के लिए अच्छी खबर है। WhatsApp एक नई सुविधा लाने की तैयारी कर रहा है, जिसके जरिए यूजर्स सीधे ऐप से ही इंटरनेशनल डेटा e-SIM खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे। इस सुविधा के शुरू होने के बाद विदेश पहुंचने पर इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए स्थानीय सिम कार्ड खरीदने या महंगे इंटरनेशनल रोमिंग प्लान लेने की परेशानी कम हो सकती है।
इस नई सुविधा के लिए WhatsApp ने Jio, Verizon, Smart Axiata और Smart Communications जैसी टेलीकॉम कंपनियों के साथ साझेदारी की है। इसके माध्यम से यूजर्स को अलग-अलग देशों में इंटरनेट कनेक्टिविटी के विकल्प मिल सकेंगे।
चुनिंदा देशों में होगी शुरुआत
रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp इस सुविधा को शुरुआती चरण में चुनिंदा देशों में लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत यूजर्स ऐप के जरिए उपलब्ध डेटा e-SIM प्लान चुन सकेंगे और उसे इंस्टॉल कर पाएंगे। हालांकि, यह सुविधा किन देशों में और कब से उपलब्ध होगी, इसकी पूरी जानकारी सामने आना बाकी है।
विदेश यात्रा में इंटरनेट इस्तेमाल करना होगा आसान
फिलहाल विदेश जाने वाले लोगों को इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए इंटरनेशनल रोमिंग पैक लेना पड़ता है या फिर संबंधित देश पहुंचकर स्थानीय सिम खरीदना पड़ता है। WhatsApp की इस संभावित सुविधा से यह प्रक्रिया आसान हो सकती है। खासकर उन यात्रियों को फायदा मिलेगा, जिन्हें विदेश में लगातार इंटरनेट की जरूरत होती है।


