नेमरा के लुकैयाटांड़ में 69वें शहादत दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, कहा- अब शोषण बर्दाश्त नहीं करेगा झारखंड…. 50 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रहे 2500 रुपये

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि झारखंड अब वह राज्य नहीं रहा, जहां बाहर से आकर कोई यहां के लोगों का शोषण कर सके। राज्य के आदिवासी, मूलवासी, गरीब और वंचित समाज को उनका पूरा अधिकार दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। जिस तरह संघर्ष और आंदोलन के बल पर अलग झारखंड राज्य हासिल किया गया, उसी तरह अपने अधिकारों के लिए भी संघर्ष जारी रहेगा। मुख्यमंत्री शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह सह पारितोषिक वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीद सोबरन मांझी का संघर्ष और बलिदान झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज के स्वाभिमान की लड़ाई का महत्वपूर्ण अध्याय है। उनकी शहादत ने जिस संघर्ष की नींव रखी, उसे दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने आगे बढ़ाया। सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ उठी आवाज को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन संघर्ष की वह चिंगारी बुझने के बजाय पूरे क्षेत्र में फैलती चली गई।
शहीदों की कुर्बानी से बदली आदिवासी-मूलवासी समाज की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब आदिवासी और मूलवासी समाज के लोगों को सामंती सोच रखने वालों के सामने अपनी बात रखने तक का अधिकार नहीं था। लोग सिर उठाकर देखने से भी डरते थे। लेकिन आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। राज्य का गरीब, गुरबा, आदिवासी और मूलवासी समाज निडर होकर अपनी बात रख रहा है और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहा है। इसका श्रेय शहीद सोबरन मांझी जैसे संघर्षशील लोगों की कुर्बानी को जाता है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों और जननायकों के संघर्ष की तरह ही सोबरन मांझी का योगदान भी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, उत्तरी और दक्षिणी छोटानागपुर से लेकर संथाल परगना तक अत्याचार के खिलाफ उठी छोटी-छोटी आवाजों ने आगे चलकर अलग राज्य आंदोलन का स्वरूप लिया।
कभी अलग राज्य की मांग पर उड़ाया जाता था मजाक
हेमंत सोरेन ने अलग झारखंड राज्य आंदोलन के दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय आंदोलनकारियों और आदिवासी-मूलवासी समाज की क्षमता पर सवाल उठाए जाते थे। लोग मजाक उड़ाते थे कि कम पढ़े-लिखे आदिवासी-मूलवासी अपना राज्य कैसे चला पाएंगे। लेकिन आज उन्हीं संघर्षशील परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान झारखंड को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और नई पीढ़ी को भी इस विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दे रही सरकार
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की ग्रामीण और शहरी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लगभग 50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। यह राशि 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि माताएं-बहनें आर्थिक रूप से मजबूत हों और अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ स्वयं अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। महिलाओं को मिलने वाली यह सहायता उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और गरीबी से बाहर निकलने में मददगार साबित होगी।
राजस्व के स्रोत बंद करने की कोशिश, लेकिन सरकार पीछे नहीं हटेगी
मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य के बीच संसाधनों को लेकर चल रही चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने और राज्य के विकास के लिए संसाधन जुटाने में कई तरह की बाधाओं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के राजस्व स्रोतों को बंद करने की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन सरकार इससे घबराने वाली नहीं है।
उन्होंने दोहराया कि झारखंड के लोगों को उनका हक और अधिकार दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार मिलेगा, उसके बाद ही दूसरों को देने की बात होगी।
सादगी से हुआ आयोजन, अगले साल भव्य समारोह का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हालिया घटनाक्रमों के कारण इस बार शहादत दिवस समारोह का आयोजन सादगी के साथ किया गया है। हालांकि, आने वाले वर्षों में इस कार्यक्रम को और अधिक भव्य और उत्साहपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन के संघर्ष, विचारों और बलिदान को याद करते हुए कहा कि झारखंड की पहचान और अस्मिता की रक्षा के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।


