मंगलम गार्डन में झारखंड संवेदक संघ की बैठक, राकेश चौधरी अध्यक्ष और मुरली चौधरी सचिव चुने गए

रांची। झारखंड संवेदक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक मोरहाबादी स्थित मंगलम गार्डन में आयोजित हुई। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से आए ठेकेदारों ने हिस्सा लिया। बैठक में मुख्य रूप से रॉयल्टी भुगतान से जुड़ी समस्याओं और नए नियमों के कारण संवेदकों को हो रही परेशानियों पर चर्चा की गई। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार के समक्ष अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से रखने के लिए आंदोलन और कानूनी लड़ाई की रणनीति बनाने पर सहमति बनी।
बैठक में रांची जिला संवेदक संघ के गोपाल प्रसाद गुप्ता, एजाज अंसारी, गौतम उपाध्याय, राजीव सिंह, राजेश गुप्ता, अजीत गुप्ता और केदार गोप सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं, रांची समिति के अध्यक्ष के रूप में राकेश चौधरी और सचिव के रूप में मुरली चौधरी का चयन किया गया।
पुराने कार्यों के भुगतान का मुद्दा उठा
बैठक में हजारीबाग के संवेदक दीपक मेहता ने वर्ष 2020 से जुड़ी रॉयल्टी की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि नए नियम लागू होने की तिथि से पहले किए गए कार्यों का भुगतान भी अब तक नहीं हो पाया है। इस वजह से संवेदकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस मामले में स्पष्ट समाधान और लंबित भुगतान की मांग की।
वहीं, कोडरमा जिला संवेदक संघ के अध्यक्ष विमल मोदी ने कहा कि इस लड़ाई को जीतने के लिए संगठन को हर जिले में मजबूत करना होगा। इसके साथ ही न्यायिक प्रक्रिया अपनाने, आंदोलन करने और स्थानीय विधायक, सांसद व मंत्रियों के माध्यम से सरकार पर दबाव बनाने की जरूरत है।
आंदोलन के साथ कानूनी लड़ाई की तैयारी
बैठक में शामिल संवेदकों ने रॉयल्टी से जुड़े नए नियमों और भुगतान की समस्याओं पर अपने-अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि जब तक सभी जिलों के संवेदक एकजुट होकर अपनी आवाज नहीं उठाएंगे, तब तक समस्याओं का समाधान मुश्किल है। इसलिए संगठन के विस्तार के साथ आंदोलन और कानूनी लड़ाई को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में रांची, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, रामगढ़, लातेहार, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा और पलामू समेत कई जिलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें वीरेंद्र गुप्ता, प्रभु मित्तल, साकेत, राजेश सिंह, मंजय, रामप्रवेश, चंदन कुमार सिंह, मनोज कुमार, दयाशंकर प्रसाद, रंजीत कुमार, प्रेम नायक, संतोष कुमार गुप्ता, मोहम्मद मोइनुद्दीन, चंद्र मोहन बरवा, विनय कुमार सिंह, सूरज अग्रवाल और विनोद कुमार नायक सहित अन्य संवेदक मौजूद थे।
बैठक में तय किया गया कि संगठन को जिला स्तर पर मजबूत कर रॉयल्टी भुगतान से जुड़ी समस्याओं को लेकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। आंदोलन की अगली रूपरेखा भी जल्द घोषित की जाएगी।


