सांसद मनीष जायसवाल ने डीसी हेमंत सती के साथ की बैठक, बरही चौक, महुदी, रसोइया धमना और चौपारण में जाम का मुद्दा उठाया

हजारीबाग। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के चौपारण में पिछले कई दिनों से लग रहे जाम ने नेशनल हाईवे-19 पर यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। लगातार जाम की समस्या को देखते हुए अब इसके स्थायी समाधान की पहल शुरू की गई है। शुक्रवार को हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और डीसी हेमंत सती से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान बरही विधायक मनोज कुमार यादव भी मौजूद रहे।
NH-19 के चार प्रमुख स्थानों पर जाम का मुद्दा
बैठक में एनएच-19 पर बरही चौक, महुदी, रसोइया धमना और चौपारण में लगने वाले जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि लगातार जाम के कारण आम लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए एनएचएआई के परियोजना निदेशक आशुतोष सोनी से भी बातचीत की गई। संबंधित अधिकारियों को जल्द ठोस पहल करने को कहा गया।
शनिवार को DC-SP करेंगे स्थलों का निरीक्षण
जाम की समस्या का वास्तविक कारण जानने और समाधान की रूपरेखा तैयार करने के लिए शनिवार को उपायुक्त हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम संबंधित स्थानों का निरीक्षण करेगी। टीम जाम प्रभावित इलाकों का जायजा लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जरूरी कदमों पर चर्चा करेगी। अब देखना होगा कि इस निरीक्षण के बाद एनएच-19 पर जाम से निपटने के लिए क्या स्थायी व्यवस्था की जाती है।
सड़क, पानी और स्टेडियम का मुद्दा भी उठा
बैठक में केवल जाम ही नहीं, बल्कि लोकसभा क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सड़क दुर्घटनाओं, जर्जर सड़कों, बरही की पेयजलापूर्ति योजना, स्टेडियम निर्माण और व्यवसायियों को मिल रही आपराधिक धमकियों का मुद्दा भी उठाया गया। सांसद ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से पहल करने का निर्देश दिया। बरही की पेयजलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू करने और स्टेडियम निर्माण में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
फिलहाल एनएच-19 पर जाम से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने निरीक्षण की तैयारी की है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यह पहल केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने में कारगर साबित होगी।


