संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान सभा ने प्रखंड कार्यालय के समक्ष दिया धरना, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और उपायुक्त के नाम सौंपा ज्ञापन

गुमला। संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर शुक्रवार, 27 नवंबर को झारखंड राज्य किसान सभा की गुमला जिला कमेटी ने भरनो प्रखंड कार्यालय के समक्ष किसान महापड़ाव आयोजित किया। इस दौरान किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गुमला उपायुक्त के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी को मांगपत्र सौंपा गया।
किसान सभा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने और पंचायत स्तर पर धान क्रय केंद्र खोलने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। किसानों का कहना था कि झारखंड में घोषित 25 रुपये 50 पैसे प्रति किलो की दर से धान की खरीद सुनिश्चित होनी चाहिए। इसके साथ ही घोषित समर्थन मूल्य से कम दर पर धान खरीदने पर रोक लगाने और किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने की मांग की गई।
ज्ञापन में सभी किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ देने, जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा की रक्षा करने तथा CNT एक्ट को प्रभावी ढंग से लागू रखने की मांग भी शामिल रही। जमीन के ऑनलाइन रिकॉर्ड में गड़बड़ियों को सुधारने, 1928 के सर्वे के आधार पर जमीन का रिकॉर्ड दुरुस्त करने और दाखिल-खारिज में कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग उठाई गई।
इसके अलावा डाईर जतरा स्थल से जुड़े जमीन विवाद, राजा की जमीन के डीड और दाखिल-खारिज को रद्द करने तथा इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई। रतिया उरांव और उनके साथियों पर दर्ज मुकदमे की न्यायिक जांच कराने, सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार रोकने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई।
किसान सभा ने जरूरतमंदों को आवास, पेंशन, राशन, सिंचाई कूप, तालाब और किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की। पारस डैम के दरवाजे की मरम्मत, हाथियों के आतंक से किसानों को राहत, महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और विस्थापन पर रोक लगाने जैसे मुद्दे भी उठाए गए।
इसके साथ ही किसान विरोधी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, बीज एवं बिजली विधेयक, खनिज विधेयक और चार लेबर कोड को रद्द करने की मांग की गई। मनरेगा को बहाल कर 200 दिनों का रोजगार और 600 रुपये दैनिक मजदूरी देने तथा सभी महिलाओं को मंईयां योजना का लाभ देने की मांग भी शामिल रही।
किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
महापड़ाव को संबोधित करते हुए झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव एवं अखिल भारतीय किसान सभा की राष्ट्रीय केंद्रीय कमेटी के सदस्य सुफल महतो ने कहा कि 13 महीने तक चले किसान आंदोलन में 736 किसानों की शहादत के बाद केंद्र सरकार को तीनों कृषि कानून वापस लेने पड़े थे। 10 दिसंबर 2021 को किसान संगठनों और केंद्र सरकार के बीच हुए लिखित समझौते के बावजूद अब तक कई मांगें पूरी नहीं हुई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि MSP की कानूनी गारंटी का वादा पूरा नहीं किया गया। झारखंड में किसानों को घोषित 25 रुपये 50 पैसे प्रति किलो के बजाय 17 से 19 रुपये प्रति किलो की दर से धान बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
वहीं, किसान सभा के संयुक्त सचिव मदुवा कच्छप ने कहा कि राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और उपायुक्त को ज्ञापन देकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई है। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर शंकर उरांव, रतिया उरांव, अनिल उरांव, मिला कुजुर, चंद्रदेव उरांव और मिली उरांव समेत अन्य लोगों ने भी सभा को संबोधित किया।
ज्ञापन लेने पहुंचे अधिकारी, आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी की अनुपस्थिति से नाराज प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया। बाद में दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने मांगपत्र राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और गुमला उपायुक्त तक पहुंचाने के साथ आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


