गोमिया के बाद पूरे जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य, समाहरणालय में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर कार्यशाला…. डीसी बोले- बेटियां सिर्फ विवाह के लिए नहीं, अपनी पहचान बनाने के लिए भी हैं

बेटियों की कम उम्र में शादी कर उनके भविष्य और सपनों पर विराम लगाने की सामाजिक कुरीति के खिलाफ बोकारो जिला प्रशासन ने अब व्यापक अभियान चलाने की तैयारी की है। जिले में अप्रैल 2025 से अब तक प्रशासन की पहल पर 38 बाल विवाह रुकवाए जा चुके हैं। वहीं, वर्ष 2025 में गोमिया प्रखंड को बाल विवाह मुक्त घोषित किया जा चुका है। अब प्रशासन ने अगले दो से तीन वर्षों में जिले के सभी नौ प्रखंडों को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी संकल्प के साथ शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्घाटन उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, चास की अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान की भी शुरुआत की गई। कार्यक्रम में स्कूली छात्राएं, शिक्षक, स्वयं सहायता समूह की सदस्य, आंगनबाड़ी सेविकाएं, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए।
बेटियों को आर्थिक बोझ समझने की मानसिकता बदलनी होगी : डीसी
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों और उनके बेहतर भविष्य से जुड़ी गंभीर चुनौती है। गरीबी, संसाधनों की कमी, सामाजिक दबाव और बेटियों को आर्थिक बोझ समझने जैसी मानसिकताएं बाल विवाह के प्रमुख कारण हैं। इस सोच को बदलना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बेटियां केवल विवाह के लिए नहीं बनी हैं, बल्कि उन्हें शिक्षा प्राप्त करने, रोजगार हासिल करने और अपनी अलग पहचान बनाने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। बेटियां अपने परिवार, गांव, समाज और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए सिर्फ कानून और प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। इसके लिए समाज की सोच में बुनियादी बदलाव लाना होगा।
डीसी ने माता-पिता, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेटियों को ऐसा आशीर्वाद मिलना चाहिए कि वे खूब पढ़ें, आत्मनिर्भर बनें और जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने बाल विवाह रोकने में पुरुषों और लड़कों की भागीदारी को भी जरूरी बताया।
गोमिया बना बाल विवाह मुक्त प्रखंड, अब बाकी आठ पर नजर
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने बताया कि गोमिया प्रखंड को वर्ष 2025 में निर्धारित मानकों के सत्यापन के बाद बाल विवाह मुक्त घोषित किया गया है। अब अगले दो से तीन वर्षों में जिले के सभी नौ प्रखंडों को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि बोकारो को देश का दूसरा बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के लिए प्रशासन के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने चंदनकियारी में एक जागरूक नागरिक की सूचना पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज किए जाने का उदाहरण देते हुए कहा कि बाल विवाह रोकने में आम नागरिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर मिली सूचना से किसी बच्चे का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।
अप्रैल 2025 से अब तक 38 बाल विवाह पर लगी रोक
जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अनिता झा ने बताया कि जिला बाल संरक्षण इकाई के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 से अब तक जिले में कुल 38 बाल विवाह रुकवाए गए हैं। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस और बाल कल्याण समिति के माध्यम से लगातार सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने सभी प्रखंडों और पंचायतों में बाल संरक्षण समितियों को सक्रिय करने तथा बाल विवाह की जानकारी तत्काल प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की।
बाल विवाह से शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित
प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब यहां से मिला जागरूकता का संदेश विद्यालयों, गांवों और परिवारों तक पहुंचेगा। उन्होंने कम उम्र में गर्भधारण से मां और नवजात के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि बाल विवाह की रोकथाम बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा विषय है।
चास की एसडीओ प्रांजल ढांडा ने कहा कि बाल विवाह उन्मूलन को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना है। इसे प्रत्येक गांव, पंचायत, विद्यालय और परिवार तक पहुंचाना होगा। वहीं, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता ने बताया कि कानून के अनुसार 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत दोषियों को दो वर्ष तक के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
सूचना मिलते ही होगी कार्रवाई, 1098 और 112 पर करें शिकायत
डीएसपी मुख्यालय पवन कुमार ने कहा कि बाल विवाह की सूचना समय पर मिलना बेहद जरूरी है। प्रत्येक थाने में बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी नामित हैं और सूचना मिलने पर पुलिस संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करेगी। कार्यशाला में सभी प्रतिभागियों ने बोकारो को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा आपातकालीन सहायता नंबर 112 पर सूचना दें। प्रशासन के अनुसार, जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायतों, प्रखंडों और जिला स्तर पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


