पूर्व मंत्री ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा- आदिवासी-मूलवासी समाज के राजनीतिक अधिकारों से समझौता नहीं, सड़क से सदन तक होगा विरोध।

रांची। परिसीमन बिल को लेकर झारखंड की राजनीति में विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने स्पष्ट कर दिया है कि परिसीमन प्रक्रिया के नाम पर राज्य में आदिवासी विधानसभा सीटों की संख्या कम करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी के केंद्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि आदिवासी समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हुआ तो JMM सड़क से लेकर सदन तक विरोध करेगा।
अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि फिलहाल परिसीमन बिल लाने की कोई जरूरत नहीं थी। इसके बावजूद केंद्र सरकार इसे संसद में लाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने केंद्र की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार अपनी मनमर्जी से फैसले ले रही है।
परिसीमन का विरोध नहीं, आदिवासी सीटें घटाने पर आपत्ति
मिथिलेश ठाकुर ने साफ किया कि JMM परिसीमन प्रक्रिया के खिलाफ नहीं है। पार्टी को इस प्रक्रिया से तब तक कोई आपत्ति नहीं है, जब तक इससे झारखंड में आदिवासी समाज के प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। लेकिन यदि परिसीमन के जरिए आदिवासी विधानसभा सीटों की संख्या घटाने का प्रयास किया गया तो पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी।
वंचित वर्गों की आवाज कमजोर करने का लगाया आरोप
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दबे-कुचले और वंचित वर्गों की राजनीतिक आवाज को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
आदिवासी-मूलवासी अधिकारों से समझौता नहीं
ठाकुर ने कहा कि झारखंड का गठन आदिवासी और मूलवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से हुआ था। इसलिए विधानसभा और लोकसभा में इन समुदायों का उचित प्रतिनिधित्व बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने दोहराया कि परिसीमन एक संवैधानिक प्रक्रिया जरूर है, लेकिन इसके प्रभावों पर चर्चा और सवाल उठाना भी आवश्यक है। झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज के राजनीतिक अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता JMM स्वीकार नहीं करेगा।


