उपायुक्त अजय नाथ झा और डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों से किया सीधा संवाद, आवेदनों के निष्पादन में देरी नहीं करने की हिदायत

बोकारो। आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए शुक्रवार को जिला मुख्यालय में आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं…’ लोक संवाद कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने लोगों की फरियाद सुनी। जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त और उप विकास आयुक्त ने आवेदकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित मामलों की स्थिति समझते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आवेदनों के निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोक संवाद में प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार करते हुए उसके निष्पादन की दिशा में जरूरी पहल की जाए।
वहीं, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने भी संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने के लिए एक सुलभ मंच उपलब्ध कराना और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी मो. सफीक आलम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


