बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प, धनबाद में बेटियों के अधिकारों को लेकर उठी आवाज
धनबाद/रांची : बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा आज भी बेटियों के भविष्य और उनके अधिकारों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसे जड़ से खत्म करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ शुक्रवार को धनबाद के जिला परिषद सभागार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाल, शीघ्र और जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि देश को सशक्त बनाने के लिए बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के समान अवसर देना बेहद जरूरी है। जब तक बेटियां सुरक्षित और शिक्षित नहीं होंगी, तब तक मजबूत भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता।
बाल विवाह से बच्चियों के स्वास्थ्य और भविष्य पर खतरा
शारदा सिंह ने कम उम्र में शादी के दुष्परिणामों पर चिंता जताते हुए कहा कि बाल विवाह के कारण बच्चियों को कम उम्र में ही मातृत्व जैसी गंभीर जिम्मेदारियों का सामना करना पड़ता है। इससे उनके स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा पैदा होता है। साथ ही नवजात बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह की समस्या केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी इलाकों में भी ऐसे मामले सामने आते हैं। कई बार सामाजिक दबाव के कारण ये मामले सामने नहीं आ पाते।
जागरूकता से आ रहा बदलाव
जिला परिषद अध्यक्ष ने झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू करने में संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लगातार प्रयासों के कारण बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि अब कई बहादुर बेटियां खुद आगे आकर अपने बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठा रही हैं। यह समाज में आ रहे सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना समाज की जिम्मेदारी
कार्यक्रम में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह को रोकने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ आवाज उठाएं और बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा तथा बेहतर भविष्य का अवसर देने में सहयोग करें।


