तीन दिवसीय फॉरेस्ट फिल्म फेस्टिवल में देशभर के 48 फिल्म निर्माता होंगे शामिल, पर्यावरण और वन्यजीवों पर आधारित फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग
झारखंड : झारखंड में पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों और जैव विविधता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए तीन दिवसीय फॉरेस्ट फिल्म फेस्टिवल ‘अरण्यक 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस फेस्टिवल में देश-विदेश की चुनिंदा फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके जरिए युवाओं को फिल्म निर्माण और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर रचनात्मक कहानी कहने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस संबंध में प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह वन बल प्रमुख संजीव कुमार और अन्य वरिष्ठ वन अधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के लिए देश-विदेश से कुल 775 फिल्में प्राप्त हुई थीं। इनमें से 75 फिल्मों को स्क्रीनिंग के लिए चुना गया है। चयनित फिल्मों में प्रतियोगिता और गैर-प्रतियोगिता, दोनों श्रेणियां शामिल हैं।
फिल्मों की स्क्रीनिंग जैप स्थित शौर्य सभागार और वन भवन के पलाश ऑडिटोरियम में होगी। आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 48 फिल्म निर्माता हिस्सा लेंगे। इनमें मुंबई के फिल्म निर्माता ओनीर के अलावा झारखंड के मेघनाथ भट्टाचार्य और बीजू टोप्पो समेत कई राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्मकार भी शामिल होंगे।
फिल्मों के प्रदर्शन के अलावा संवाद और लाइव सेशन भी आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से युवाओं को फिल्म निर्माण की बारीकियों, पर्यावरण आधारित विषयों और कहानी प्रस्तुत करने के तरीकों को समझने का अवसर मिलेगा। वहीं, प्रतियोगिता श्रेणी में शामिल चयनित फिल्मों को उनके प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।


