खूंटी/रांची : झारखंड के खूंटी जिले में भारतमाला सड़क परियोजना और बेड़ो-खूंटी बाईपास को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज होने लगा है। कर्रा प्रखंड के राजकीय उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित बैठक में आसपास के कई गांवों के महिला-पुरुष शामिल हुए। बैठक में ग्रामीणों ने पैतृक जमीन, ग्रामसभा के अधिकार और स्थानीय लोगों के हितों का मुद्दा उठाते हुए सड़क परियोजनाओं पर सवाल खड़े किए। साथ ही इस विरोध को व्यापक आंदोलन का रूप देने की रणनीति बनाई गई। ग्रामीणों ने 29 जनवरी को विशाल जनसभा और रैली निकालने का ऐलान किया है।

बैठक की अध्यक्षता फ्रेंकलिन धान ने की। इसमें शामिल लोगों ने कहा कि विकास परियोजनाओं के नाम पर ग्रामीणों की जमीन प्रभावित होने की आशंका है, लेकिन स्थानीय लोगों के हितों और अधिकारों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है।
पैतृक जमीन और ग्रामसभा के अधिकार का उठा मुद्दा
बैठक में ग्रामीणों ने शिकायत की कि उनकी पैतृक जमीन का ऑनलाइन रिकॉर्ड अब तक दुरुस्त नहीं किया गया है। इससे जमीन की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने बाहरी लोगों द्वारा जमीन पर कब्जा किए जाने की आशंका भी जताई।
उन्होंने मांग की कि ग्रामसभा की अनुमति के बिना किसी भी हाल में जमीन नहीं ली जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि उनकी पहचान, आजीविका और परंपरा से जुड़ी हुई है। इसलिए किसी भी परियोजना को आगे बढ़ाने से पहले स्थानीय लोगों की सहमति और अधिकारों का सम्मान जरूरी है।
उद्योगपतियों के हित में सड़क निर्माण का आरोप
बैठक में भारतमाला परियोजना और बेड़ो-खूंटी बाईपास को लेकर भी सवाल उठाए गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इन परियोजनाओं से बड़े व्यापारियों और उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उनका सवाल है कि जब सड़क ग्रामीणों की जमीन से होकर गुजरेगी, तो इसका वास्तविक लाभ स्थानीय लोगों को कितना मिलेगा?
वक्ताओं ने झारखंड की खनिज संपदा का जिक्र करते हुए सरकार और अधिकारियों पर संसाधनों की लूट-खसोट के आरोप भी लगाए। उनका कहना था कि राज्य के जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय समुदायों का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए।
पहले भी परियोजनाओं का विरोध कर चुके हैं ग्रामीण
खूंटी में विकास परियोजनाओं को लेकर विरोध का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले कोयल कारो जलविद्युत परियोजना और मित्तल स्टील प्लांट के प्रस्ताव का भी स्थानीय स्तर पर विरोध हो चुका है। अब सड़क निर्माण से जुड़े प्रस्तावों को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर अपनी आपत्तियां सामने रखी हैं।
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन ऐसी किसी भी परियोजना को स्वीकार नहीं करेंगे, जिसमें स्थानीय लोगों की जमीन और अधिकारों की अनदेखी हो। ग्रामीणों ने जमीन के रिकॉर्ड दुरुस्त करने और ग्रामसभा की सहमति को प्राथमिकता देने की मांग की।
29 जनवरी को जनसभा और रैली की तैयारी
बैठक में विरोध को संगठित और व्यापक बनाने पर सहमति बनी। इसके तहत 29 जनवरी को विशाल जनसभा और रैली आयोजित करने का ऐलान किया गया है। ग्रामीणों की कोशिश है कि इस मुद्दे पर अधिक से अधिक गांवों के लोगों को एकजुट किया जाए और अपनी मांगों को प्रशासन तथा सरकार तक पहुंचाया जाए।
बैठक में जल-जंगल-जमीन के संयोजक अलेस्टर बोदरा, आनंद होरो, सनिका धान, गोविन्दा कच्छप और फागु होरो समेत दर्जनों महिला-पुरुष मौजूद रहे। अब देखना होगा कि 29 जनवरी को प्रस्तावित जनसभा में ग्रामीणों का विरोध कितना व्यापक रूप लेता है और उनकी मांगों पर प्रशासन की ओर से क्या पहल की जाती है।


