-पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी, न्यूज कार्यालय में छापेमारी और उपकरण जब्ती के आरोपों पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान; प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने जारी किया नोटिस, महिला सुरक्षा प्रभाग को भी भेजी गई कार्यवाही की प्रति

रांची। झारखंड में 14 वर्षीय आदिवासी बच्ची से जुड़े POCSO मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार की गिरफ्तारी अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गई है। मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने गंभीर रुख अपनाते हुए झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) और राज्य के मुख्य सचिव से जवाब तलब किया है। आयोग ने दोनों अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर दो सप्ताह के भीतर Action Taken Report (ATR) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
27 नवंबर 2026 को जारी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के आधिकारिक पत्र के मुताबिक, आयोग की पीठ ने सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता में मामले का संज्ञान लिया है। यह कार्रवाई मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत की गई है। आयोग ने केस नंबर 1087/34/0/2026 दर्ज करते हुए झारखंड सरकार और पुलिस मुख्यालय को नोटिस जारी किया है।
यह घटनाक्रम झारखंड पुलिस की कार्रवाई, पत्रकारों की स्वतंत्रता और नाबालिग पीड़िता के अधिकारों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
POCSO केस की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार की गिरफ्तारी, न्यूज कार्यालय पर छापेमारी का आरोप
आयोग के समक्ष प्रस्तुत शिकायत में आरोप लगाया गया है कि झारखंड में 14 वर्षीय आदिवासी बच्ची से जुड़े एक POCSO मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। शिकायत के मुताबिक, एक जनप्रतिनिधि के खिलाफ POCSO मामला दर्ज होने के बाद स्थानीय न्यूज संगठन के कार्यालय में छापेमारी की गई।
इस दौरान पत्रकारिता से जुड़े उपकरण जब्त किए जाने और नाबालिग से संबंधित आरोपों के आधार पर पत्रकार की गिरफ्तारी किए जाने का भी आरोप शिकायत में लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने पूरी कार्रवाई की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की है। साथ ही यह सवाल उठाया है कि क्या पुलिस की कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप थी और क्या पत्रकार को निशाना बनाने की आशंका की जांच की गई?
नाबालिग के बयान में बदलाव का आरोप, NHRC ने भी माना गंभीर जांच का विषय
इस मामले का एक बेहद संवेदनशील पहलू नाबालिग बच्ची के बयान में कथित बदलाव से जुड़ा है। आयोग को दी गई शिकायत में बच्ची के बयान में हुए बदलाव की परिस्थितियों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने यह भी अनुरोध किया है कि मामले से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए, ताकि जांच के दौरान किसी तरह की छेड़छाड़ की आशंका न रहे।
इसके अलावा पुलिस की कार्रवाई की वैधता, पत्रकार की गिरफ्तारी की परिस्थितियों और प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़े पहलुओं की भी जांच की मांग की गई है।
आयोग के नोटिस में कहा गया है कि शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया मानवाधिकारों के उल्लंघन जैसे प्रतीत होते हैं। हालांकि, यह आयोग की अंतिम जांच रिपोर्ट या आरोपों की पुष्टि नहीं है।
DGP और मुख्य सचिव को दो सप्ताह का अल्टीमेटम, कार्रवाई की रिपोर्ट देनी होगी
NHRC की पीठ ने रजिस्ट्रार को झारखंड के DGP और मुख्य सचिव को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। दोनों अधिकारियों से शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर दो सप्ताह के भीतर Action Taken Report देने को कहा गया है।
आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि रिपोर्ट की एक प्रति bench-mpk@gov.in पर ई-मेल के माध्यम से भेजी जाए।
इसके अतिरिक्त कार्यवाही की प्रति केंद्रीय गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा प्रभाग के संयुक्त सचिव को भी सूचना के लिए भेजने का निर्देश दिया गया है।
अब पुलिस की जवाबदेही तय करने की बारी, दो सप्ताह में सामने आएगा रुख!
NHRC के इस कदम के बाद झारखंड पुलिस और राज्य सरकार की जवाबदेही महत्वपूर्ण हो गई है। अब यह देखना होगा कि पुलिस मुख्यालय और मुख्य सचिव कार्यालय शिकायत में उठाए गए सवालों पर क्या कार्रवाई करते हैं।
क्या पत्रकार की गिरफ्तारी और न्यूज कार्यालय में छापेमारी की परिस्थितियों की स्वतंत्र जांच होगी? क्या नाबालिग के बयान में कथित बदलाव की सच्चाई सामने आएगी? क्या जब्त किए गए उपकरणों और अन्य साक्ष्यों की स्थिति स्पष्ट की जाएगी?
फिलहाल NHRC के नोटिस ने मामले को नई दिशा दे दी है। अब गेंद झारखंड पुलिस और सरकार के पाले में है। दो सप्ताह के भीतर आयोग को मिलने वाली रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि इन गंभीर आरोपों पर राज्य प्रशासन ने क्या कदम उठाए हैं।


